मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का पांचवां दिन, इंदौर में शक्ति प्रदर्शन करेगी कांग्रेस, डिवाइन का कंसर्ट भी होगा

मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहा जबरदस्त जनसमर्थन, पांचवें दिन सुबह 6 बजे महू के दशहरा मैदान से शुरू हुई यात्रा, इंदौर के चिमनबाग स्टेडियम में होगा रात्रि विश्राम

Updated: Nov 27, 2022, 11:08 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का आज पांचवां दिन है। प्रदेश में इस ऐतिहासिक यात्रा को भरपूर समर्थन मिल रहा है। राहुल गांधी के आगमन को लेकर इंदौर और आसपास के इलाकों के लोग बेहद उत्साहित हैं। नागरिक समूह, किसान संगठन और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी बड़े स्तर पर इस यात्रा से जुड़ रहे हैं।

पांचवें दिन भारत जोड़ो यात्रा सुबह 6 बजे महू के दशहरा मैदान से शुरू हुई। राउ के AU सिनेमा के पास दोपहर पड़ाव होगा। वहीं शाम 6 बजे राजवाड़ा में यात्रा संपन्न होगी। इंदौर के खालसा स्टेडियम में भारत जोड़ो कंसर्ट का आयोजन किया गया है। जिसमें लोकप्रिय भारतीय रैपर डिवाइन यानि विवियन फर्नांडिस प्रस्तुति देंगे।

साथ ही इस कार्यक्रम में एमसी अल्ताफ और डीजे प्रुफ भी अपनी परफार्मेंस देंगे। इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारी कर ली गई है, जहां इस कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल को सौंपी गई।

कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी दी। सोशल मीडिया पर दी गई सूचना के मुताबिक लोकप्रिय भारतीय रैपर डिवाइन यानि विवियन फर्नांडिस 27 नवंबर रविवार को इंदौर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे। इंदौर के चिमनबाग मैदान पर होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां जारी हैं, जहां चिमनबाग मैदान में भव्य मंच लगाया जा रहा है। 

इससे पहले शनिवार को राहुल गांधी बाबा साहब अम्बेडकर की जन्मस्थली महू पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, 'आरएसएस संविधान खत्म कर रहा है। आरएसएस अपने लोगों को सेना, प्रेस, अदालतों में भेज रही है, ताकि देश की आवाज का गला घोंटा जा सके।'