गांधी गोडसे एक युद्ध फिल्म पर भड़की कांग्रेस, पीसी शर्मा की चेतावनी- जब दुनिया घूमेगी तो फिल्म बनाना छोड़ दोगे

कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि ये बड़ी चिंताजनक बात है कि सेंसर बोर्ड ने इसे कैसे पास कर दिया। इसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान किया गया है।

Updated: Jan 15, 2023, 11:19 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में राजकुमार संतोषी की अपकमिंग फिल्म "गांधी गोडसे एक युद्ध" का विरोध तेज हो गया है। कांग्रेस इस फिल्म के विरोध में खुलकर सामने आ गई है। राजधानी भोपाल से कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने प्रोड्यूसर राजकुमार संतोषी को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि जिस समय दुनिया घूमेगी तुम फिल्म बनाना छोड़ दोगे।

कांग्रेस के सीनियर विधायक पीसी शर्मा ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान 'गांधी-गोडसे एक युद्ध' के ट्रेलर पर कड़े शब्दों में नाराजगी जाहिर की। शर्मा ने सेंसर बोर्ड को भंग करने तक की मांग कर दी है। उन्होंने कहा कि देश में सेंसर बोर्ड नाम की कोई चीज नहीं है। जैसा केंद्र की भाजपा सरकार बोलती है, वो चीजें पास होती हैं। मुझे लगता है कि सेंसर बोर्ड भंग कर देना चाहिए।

यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग की मीटिंग से पहले विपक्ष लामबंद, इवीएम के बाद आरवीएम की विश्वसनीयता पर उठे सवाल

शर्मा ने आगे कहा कि, 'ये बड़ी चिंताजनक बात है कि सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को पास कर दिया। इसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान किया गया है। महात्मा गांधी से हत्यारे नाथूराम गोडसे की तुलना की गई है। पूरी BJP महात्मा गांधी की बात करती है। प्रधानमंत्री गुजरात से आते हैं। राष्ट्रपिता कहते हैं। ये दोहरा मापदंड क्यों? सेंसर बोर्ड ने इसे पास कैसे कर दिया।'

शर्मा ने राजकुमार संतोषी को चेतावनी देते हुए कहा कि इनके प्रोड्यूसर इसे समझ लें कि दुनिया घूमती है। जिस समय ये दुनिया घूमेगी, तुम फिल्म बनाना बंद कर दोगे। ये मेरी चेतावनी है। उन्होंने आगे कहा कि, 'BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष और PM, देख लें...। जब कुछ चल ही नहीं रहा है, तो क्यों सेंसर बोर्ड की नौटंकी कर रखी है। मध्य प्रदेश की सरकार को इस फिल्म पर रोक लगवानी चाहिए। क्योंकि, राज्य सरकार भी महात्मा गांधी का उदाहरण देती है। ये फिल्म किसी भी कीमत पर रिलीज नहीं होनी चाहिए।'

बता दें कि गांधी-गोडसे एक युद्ध' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उबाल है। शुक्रवार को राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रोड्यूसर राजकुमार संतोषी का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी थी कि भोपाल में किसी भी सूरत में टॉकीजों में फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा कि, 'फिल्म का ट्रेलर देखने से लगता है ये फिल्म सोची-समझी साजिश के तहत बनाई गई है। इस फिल्म में मुस्लिम समाज और गांधीजी के बारे में आपत्तिजनक दृश्य व संवाद दिखाए गए हैं। फिल्म में मनगढ़ंत बातें भी बताई गई हैं। ये फिल्म देश को बांटने का काम करेगी।'