हरदा हादसे के पीड़ितों का फूटा गुस्सा, सीएम मोहन यादव का काफिला रोका, एसपी-कलेक्टर हटाए गए

पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट के एक दिन बाद बुधवार शाम को पहले एसपी संजीव कुमार कंचन और उसके कुछ देर बार कलेक्टर ऋषि गर्ग को भी हटा दिया गया।

Updated: Feb 07, 2024, 09:57 PM IST

हरदा। पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट पीड़ितों से मिलने हरदा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हरदा ब्लास्ट पीड़ितों ने मुख्यमंत्री का काफिला रोक दिया। मृतकों के परिजन सीएम यादव के वाहन के आगे आ गए। इस दौरान पुलिस को बलप्रयोग कर उन्हें हटाना पड़ा।

ब्लास्ट पीड़ितों के साथ पुलिस के व्यवहार की कांग्रेस पार्टी के आलोचना की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने घटना का वीडियो ट्वीट कर लिखा, 'हरदा में मुख्यमंत्री मोहन यादव का विरोध, पुलिस ने मृतकों के परिजनों पर बल प्रयोग किया, बेशर्म सरकार अपने दुष्कृत्यों पर भी अहंकार दिखा रही है।'

सीएम मोहन यादव के हरदा दौरे के बाद देर शाम
जिले के एसपी संजीव कुमार कंचन और कलेक्टर ऋषि गर्ग को भी हटा दिया गया। कलेक्टर ऋषि गर्ग को उपसचिव, मध्यप्रदेश शासन, जबकि एसपी संजीव कुमार को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही कारखाना निरीक्षक एवं सहायक संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा नवीन कुमार बरवा को निलंबित भी कर दिया गया है।

इससे पहले बुधवार दोपहर प्रशासन ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है। वहीं, घायलों की संख्या 217 बताई जा रही है। हालांकि, स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतकों की वास्तविक संख्या कई गुना अधिक हो सकती है। कई लोग लापता भी बताए जा रहे हैं।

बुधवार को घटनास्थल से महज दो किमी दूर उसकी एक और पटाखों की फैक्ट्री मिलने से सनसनी मच गई। मीडिया को यहां फैक्ट्री होने की जानकारी तब मिली जब रहटाखुर्द के पास संचालित फैक्ट्री पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया।