बड़वाह में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 3 की मौत और 43 घायल, आष्टा में कार पलटने से पार्षद पुत्र की मौत

बस पलटने से 43 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 7 गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया है। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर तेज गति से बस चला रहा था।

Updated: Jan 15, 2023, 10:22 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में सड़क दुर्घटना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। खरगोन जिले के बड़वाह में रविवार को यात्री बस पलटने से 3 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला है। इस हादसे में करीब 43 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 7 गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया है। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर तेज गति से बस चला रहा था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना बड़वाह से करीब 7 किलोमीटर दूर बागफल और मनिहार के बीच हुआ। यात्रियों का कहना है कि बड़वाह की ओर जाते समय ड्राइवर तेज गति से बस चला रहा था। इसी दौरान एक वाहन को ओवरटेक करते समय बस बेकाबू हो गई और पलट गई। बस में 46 यात्री सवार थे, जिसमें से 3 की मौत हो गई।

जबकि अन्य 43 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें 7 गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया है। गंभीर घायलों में से एक व्यक्ति का हाथ धड़ से अलग हो गया है।
यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर तेज स्पीड में बस चला रहा था। ओवरटेक करते समय बस बेकाबू होकर पलट गई। कुछ यात्रियों का यह भी आरोप है कि ड्राइवर शराब पिया हुआ था।

यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग की मीटिंग से पहले विपक्ष लामबंद, इवीएम के बाद आरवीएम की विश्वसनीयता पर उठे सवाल

घायलों को बड़वाह के शासकीय अस्पताल लाया गया है। रविवार को छुट्‌टी का दिन होने से यहां अस्पताल में स्टाफ की कमी है, जबकि कई घायल अस्पताल में पड़े हुए है। कई स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य भी अस्पताल पहुंचे हैं, जो घायलों की सहायता कर रहे हैं।

उधर सीहोर जिले के आष्टा में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार सभी लोग सागर जिले के थे। हादसे में सागर के संत कबीर वार्ड से भाजपा पार्षद धर्मेन्द्र खटीक के पुत्र निहाल खटीक की मौत हो गई। कार सवार सात अन्य युवक भी घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए आष्टा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। 

जानकारी के मुताबिक निहाल अपने सात दोस्तों के साथ महाकाल दर्शन करने शुक्रवार देर रात को चार पहिया वाहन से उज्जैन के लिए रवाना हुआ था। वे भोपाल होते हुए हाइवे से उज्जैन जा रहे थे। शनिवार सुबह जब उनकी कार आष्टा के डोडी के पास से गुजर रही तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह पलट गई।