MP में कोई नहीं सुन रहा तो अब राजस्थान जाकर झूठ की मशीन चला रहे हैं, कमलनाथ का सीएम चौहान पर तंज

राजस्थान को बताइए कि मध्य प्रदेश को आपने घोटालों में नंबर वन बना दिया, महिला अत्याचार में नंबर वन बना दिया, आदिवासी अत्याचार में नंबर बना दिया और बेरोजगारी में नंबर वन बना दिया: कमलनाथ

Updated: Nov 22, 2023, 03:33 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद अब लोग मतगणना के इंतजार में हैं। वहीं, सभी दलों के दिग्गज पड़ोसी राज्य राजस्थान में चुनाव प्रचार अभियान में जुट गए हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौाहन भी खाली समय में भाजपा के लिए प्रचार करने राजस्थान पहुंच गए हैं। पूर्व सीएम कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौाहन के राजस्थान दौरे पर ट्वीट करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में कोई नहीं सुन रहा तो वे अब राजस्थान जाकर झूठ की मशीन चला रहे हैं।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'शिवराज जी, अब मध्य प्रदेश में आपको कोई नहीं सुन रहा तो आप राजस्थान में जाकर अपनी झूठ मशीन का अभियान चला रहे हैं।
आप राजस्थान को बताइए कि मध्य प्रदेश को आपने घोटालों में नंबर वन बना दिया, महिला अत्याचार में नंबर वन बना दिया, आदिवासी अत्याचार में नंबर बना दिया और बेरोजगारी में नंबर वन बना दिया।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'आप अपनी उपलब्धियां सुनाइए कि कैसे आपने डंपर घोटाला किया, व्यापम घोटाला किया, महाकाल लोक घोटाला किया, पटवारी भर्ती घोटाला किया, आरक्षक भर्ती घोटाला किया और मध्य प्रदेश का नाम घोटाले से बदनाम कर दिया। इसलिए ना तो मध्य प्रदेश की जनता अब आपकी बातों पर भरोसा करती है और ना ही राजस्थान की जनता आपकी घोषणा मशीन को सुनने में समय बर्बाद करेगी।'

बता दें राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान है। इसके बाद 30 नवम्बर को तेलंगाना में वोटिंग होगी। वहीं, 3 दिसंबर को एक साथ मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ समेत सभी पांच राज्यों में मतगणना होगी।