हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में बड़ा हादसा, कार पर चट्टानें गिरी, 13 लोगों की मौत
उदयपुर-किलाड़ सड़क पिछले दिन बारिश के बाद लैंडस्लाइड की वजह से बंद था। 24 जुलाई को ही सड़क बहाल हुआ और यह हादसा हुआ।
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक टैक्सी पर चट्टान का बड़ा हिस्सा गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौके पर मौत हो गई। घटना लाहौल-स्पीति के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास की है।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त गाड़ी में 15 यात्री सवार थे। इनमें दो घायलों को भी बाहर निकाला गया है। बताया जा रहा है कि पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही ये टैक्सी मलबे में दब गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, कहूडू नाला के पास पत्थर गिरने से ये दुर्घटना हुई। इसमें सुमो गाड़ी (नंबर HP 01 M 2210) पूरी तरह हो पिचक गई, इसके ड्राइवर का नाम बीर सिंह था। इस हादसे में कुल 13 लोगों की मौत की सूचना है। बचाव दल ने मलबे से दो लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला है। उसको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि टाटा सूमो में कुल 15 लोग सवार थे। सभी पांगी क्षेत्र के रहने वाले हैं और कुल्लू से पांगी लौट रहे थे। इस दौरान कडू नाला के पास पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टानें गाड़ी पर गिर गईं। इससे HP-01M-2210 नंबर की टाटा सूमो गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी से चट्टानें गिरने के बाद गाड़ी के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों और जवानों ने बुझाने का प्रयास किया। हादसा इतना खतरनाक था कि मृतकों के शवों की पहचान करना मुश्किल हो गया था। एक शव की अभी भी पहचान नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ सड़क पिछले दिन बारिश के बाद लैंडस्लाइड की वजह से बंद था। इससे सभी लोग तिंदी में रुके हुए थे। 24 जुलाई को सड़क बहाल होने के बाद वे पांगी की ओर रवाना हुए थे, तभी कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टानें गाड़ी पर गिरी।




