इंदौर में ही गांधी जी ने करो या मरो का नारा दिया था, प्रियंका गांधी ने इंदौरवासियों से की कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील

दीवाली का समय है, लेकिन महंगाई इतनी है कि लोग त्यौहारों को भी सही से नहीं मना पाते, छोटे व्यापारियों के ऊपर जीएसटी जैसे कानून लाकर उनसे भारी टैक्स वसूला जा रहा है, जिससे लगातार महंगाई बढ़ रही है: प्रियंका गाँधी

Updated: Nov 06, 2023, 10:38 PM IST

इंदौर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को धार के बाद इंदौर पहुंचीं। यहां उन्होंने इंदौर 5 विधानसभा क्षेत्र में रोबोट स्क्वायर पर विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने इस दौरान कहा कि महात्मा गांधी ने इंदौर में ही करो और मरो का नारा दिया था। कांग्रेस महासचिव ने इंदौरवासियों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।

प्रियंका गांधी ने इंदौर में खजराना गणेश भगवान का जयकारा लगाकर जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि मैं यहां आपसे भावनात्मक रिश्ता निभाने आई हूं। उन्होंने कहा कि जब मैं मोदी जी का भाषण सुन रही थी तो उसमें इन्होंने अपनी कोई भी उपलब्धि नहीं बताई बल्कि कांग्रेस को ही कोसते रहे, कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया, जबकि आईआईटी, आईआईएम और एम्स पिछले 70 साल में ही बने हैं। लेकिन अगर इनसे सवाल किया जाए कि इनकी पिछले 10 साल से सरकार हैं, इन्होंने क्या किया तो उनके पास कोई जवाब नहीं है, भाजपा के लोग नकारात्मक राजनीति करते हैं।

कांग्रेस महासचिव ने खेती किसानी की बात करते हुए कहा कि पहले लोगों को खेती किसानी से रोजगार मिलता था, किसान परेशान नहीं रहता था, लेकिन आज किसान बीज और खाद के लिए जीएसटी दे रहा है, आज किसान परेशान है डीजल और पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास किसानों के लिए पैसा नहीं है, लेकिन 16 हजार करोड़ के दो हवाई जहाज लेने के लिए पैसा है। आज भाजपा नेताओं के बड़े-बड़े महल बन रहे हैं, सैकड़ों करोड़ों रूपयों के घोटाले भी सामने आ रहे हैं। छोटे व्यापारियों के ऊपर जीएसटी जैसे कानून लाकर उनसे भारी टैक्स वसूला जा रहा है, जिससे लगातार महंगाई बढ़ रही है।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, 'इंदौर में ही गांधी जी ने करो या मरो का नारा दिया था और इंदौर के लोगों ने आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाया था। कांग्रेस एक क्रांतिकारी पार्टी है कांग्रेस ने किसानों मजदूरों गरीबों की लड़ाई लड़ी है। हमारे देश की संस्कृति और परंपरा एकजुट करके लोगों को मदद करती है। कोरोना के समय आपके शहर ने एक मिसाल बनकर संकट के समय सबकी मदद की। भाजपा पर आक्रामक होते हुए उन्होंने कहा कि आज बड़े उद्योगपति आगे बढ़ रहे हैं लेकिन गरीब और गरीब होता जा रहा है। सरकारी पद खाली पड़े हुए हैं लेकिन प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है। इनकी सरकार में लगातार गैस के दाम बढ़े हैं और चुनाव से पहले दाम कम कर दिए हैं भाजपा क्या जनता को बेवकूफ समझती है? जितनी गरीबी आज गांव में है उतनी ही शहर में है आज महंगाई को रोकने का कोई भी प्रयास इस भाजपा सरकार के द्वारा नहीं हो रहा है।'

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हम किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य 2600 रूपये देंगे और उसे बढ़ाकर 3000 रू. तक करेंगे। हम सरकारी परीक्षाओं की फीस माफ करने का काम करेंगे। एससी-एसटी और ओबीसी के बैकलॉग पदों को भरने का काम करेंगे। हम प्रत्येक महिला को 1500 रूपये महीने सम्मान राशि देंगे, हम 500 रूपये में गैस का सिलेंडर देंगे, पुरानी पेंशन लागू करेंगे, 2 लाख सरकारी पदों को भरने का काम हमारी सरकार करेगी और बेरोजगार युवाओं को 3000 तक की आर्थिक मदद की जाएगी।

कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा कि दिवाली का समय है, लेकिन महंगाई इतनी चरम पर है कि हम अपने त्योहारों को भी अच्छे से नहीं मना पाते हैं। भाजपा की सरकार ने हर जगह घोटाला किया है। इस सरकार का ध्यान केवल घोटाला करने में रहता है, ना कि लोगों की तरक्की करने में। लेकिन अब आप अपनी संपत्ति और पैसे को खोने मत दीजिए और भारतीय जनता पार्टी के 18 साल के शासन का हिसाब लीजिए और इनसे सवाल पूछिए कि इन्होंने क्या किया आपके लिए। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि आपका वोट देना आपकी जागरूकता की बात है, हमें आपका वोट नहीं आपकी जागरूकता चाहिए है, अगर आप जागरूक बनेंगे तो भारतीय जनता पार्टी घोटाला नहीं कर पाएगी और ना ही आपका ध्यान भटकाकर वोट ले पायेगी। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि आखरी में बस मैं आपसे इतना ही कहूंगी कि आपकी जागरूकता ही अब आपको बचा सकती है। कांग्रेस का एक नेता भारत जोड़ो यात्रा करके लोगों को संदेश देना चाहता है, उन्हें जागरूक बनाना चाहता है जिससे कि लोगों को ठगने वाली राजनीति भारतीय जनता पार्टी ना कर सके। जो भाजपा के नेता मंच से आपका ध्यान भटकना चाहते हैं, उन्हें आप सबक सिखाईयेगा। प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि 17 तारीख को मतदान के दिन आपको कांग्रेस के वचन पत्र को ध्यान में रखकर वोट करना है, जिससे एक अच्छी सरकार मप्र में बने, प्रदेश का विकास हो और आपका सब नौजवानों का भविष्य उज्जवल बने।