EVM पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करें राहुल, भाजपा की लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा में बोले जेपी नड्डा

जेपी नड्डा ने कहा कांग्रेस समझ चुकी है कि जनता उसे आने वाले 20-30 साल तक सत्ता में आने का मौका नहीं देने वाली। इसलिए वह चुनाव में हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है।

Updated: Nov 04, 2026, 05:00 PM IST

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को भोपाल में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। अटल पथ से लेकर रोशनपुरा चौराहे तक करीबी एक किमी के इस पदयात्रा में पार्टी के तमाम बड़े नेता रथ पर सवार नजर आए। इस दौरान अटल पथ पर सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को EVM पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करना चाहिए।

जेपी नड्डा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस किस मुंह से लोकतंत्र की रक्षा की बात करती है। 90 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। इमरजेंसी का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि मैं खुद इसका भुक्तभोगी हूं। उन्होंने कहा कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश को अस्थिर करना चाहते हैं।

जेपी नड्डा ने कहा कांग्रेस समझ चुकी है कि जनता उसे आने वाले 20-30 साल तक सत्ता में आने का मौका नहीं देने वाली। इसलिए वह चुनाव में हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है। नड्डा ने राहुल गांधी की राजनीति को 'हिट एंड रन' बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में वोट चोरी के आरोप लगाए गए, लेकिन जब चुनाव आयोग ने हलफनामे के साथ सबूत मांगे तो कांग्रेस पीछे हट गई।

नड्डा ने ईवीएम पर सवाल उठाने को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने ईवीएम हैक करने की चुनौती दी थी, लेकिन कांग्रेस का कोई नेता सामने नहीं आया। उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि ईवीएम और बैलेट पेपर पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करें।

इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अपमान करने और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जब-जब न्यायालय ने कांग्रेस के खिलाफ फैसला दिया, पार्टी ने न्यायाधीशों और न्यायालय का अपमान किया। आपातकाल इसका गवाह है।