डिजियाना ग्रुप और कौटिल्य अकादमी में आयकर विभाग की रेड, टैक्स चोरी और आय छिपाने का आरोप

मध्यप्रदेश के फेमस केबल मीडिया समूह डिजियाना ग्रुप और कोचिंग संस्था कौटिल्य अकादमी के इंदौर, भोपाल समेत 65 ठिकानों पर जांच जारी, आयकर विभाग की टीम ने घर और दफ्तर से कागजात, कंप्यूटर किए जब्त, बड़े खुलासे की आशंका

Publish: Nov 25, 2021, 09:10 AM IST

Photo courtesy: Bhaskar
Photo courtesy: Bhaskar

भोपाल। आयकर विभाग ने गुरुवार को मध्यप्रदेश के जानीमानी कौटिल्य अकादमी और डिजियाना ग्रुप के कई ठिकानों पर दबिश दी। भोपाल और इंदौर समेत कई प्रदेशों में इनके दफ्तरों और ठिकानों पर कार्रवाई की गई। डिजियाना ग्रुप मीडिया, खनन, FMCG और कोचिंग संचालन के लिए फेमस हैं। इस ग्रुप पर टैक्स चोरी और आय छुपाने का आरोप है। शिकायत सामने आने के बाद आयकर विभाग की इंदौर में कार्रवाई की।

आईटी ने डिजियाना ग्रुप, गुडरिक ग्रुप और कौटिल्य एकेडमी पर एक साथ छापे की कार्रवाई की। मीडिया खबरों की मानें तो इंदौर में ही करीब 50 जगहों पर जांच जारी है। वहीं भोपाल और अन्य राज्यों में 65 जगहों पर टीम जांच के लिए पहुंची है। इस छापामार कार्रवाई के दौरान आयकर की टीम ने बड़ी मात्रा में दस्तावेज, कम्प्यूटर और हार्ड डिस्क जब्त कर लिया है। फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि कितने की टैक्स चोरी की गई है।

कौटिल्य एकेडमी और डिजिआना ग्रुप पर कार्रवाई के लिए आयकर विभाग की टीम दिल्ली और हरियाणा से आई है। सभी ठिकानों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कौटिल्य अकादमी मध्यप्रदेश की प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था है, वही डिजियाना केबल और मीडिया ग्रुप है। गुरुवार को कोचिंग में छापे की खबर से बेखबर छात्रों को क्लास अटेंड नहीं करने दी गई, उन्हें गेट से बाहर बैरंग लौटा दिया गया। कौटिल्य अकादमी मध्यप्रदेश में 18 साल से संचालित हो रही है।कौटिल्य अकादमी में कोरोना की वजह से पहले ऑनलाइन क्लासेस हो रही थी, हाल ही में संक्रमण कम होने के बाद ऑफलाइन क्लासेस शुरु हुई हैं।