इंदौर में झंडा फहराने के दौरान भड़काऊ नारेबाजी के बाद हिंसा, दो लोग घायल

तेजाजी नगर इलाके में एक मल्टीप्लेक्स परिसर में तिरंगा फहराए जाने के बाद लगे भड़काऊ नारे, दूसरे पक्ष द्वारा आपत्ति जताने के बाद हुई हिंसा

Updated: Aug 16, 2021, 03:51 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भड़काऊ नारेबाजी के बाद दो पक्षों के बीच टकराव हो गया। इस दौरान लोगों ने जमकर पत्थरबाजी की जिससे दो लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति को काबू कर लिया है वहीं दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक तेजाजी नगर थाना छेत्र के पत्थर मुंडला स्थित नगर निगम द्वारा निर्मित कावेरी मल्टी में ध्वजारोहण किया गया। झंडा फहराने के बाद यहां कुछ संगठन से जुड़े लोगों ने सांप्रदाय विशेष के खिलाफ भड़काऊ नारेबाजी करना शुरू कर दिया। इसपर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जाहिर की और इसी को लेकर विवाद बढ़ गया।

विवाद के बीच दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे की ओर पथराव करने लगे। हालांकि, पुलिस ने तत्काल सूचना मिलते ही वहां पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बताया की भड़काऊ नारेबाजी के बाद हुए पथराव में दो लोग घायल हो गए हैं। विवाद ना बढ़े इसलिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: आजादी के जश्न के बीच सड़क पर जन्म लेता देश का भविष्य, नवजात बच्चे ने दिया MP के बदहाल सड़कों का प्रमाण

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हम मौजूद वीडियो फुटेज की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दरअसल, जवाहर मार्ग पाग्निस पागा सड़क निर्माण में बाधक साउथ तोड़ा के लोगों के मकान तोड़कर उन्हें नगर निगम की कावेरी बिल्डिंग में शिफ्ट किया था। यहां में दोनों ही समुदाय के लोग रहते हैं।