जबलपुर: दुल्हन को पसंद नहीं आया मेकअप, ब्यूटीशियन के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर

दुल्हन के परिजनों का कहना है कि मेकअप आर्टिस्ट ने उनकी लड़की का ढंग से मेकअप नहीं किया इस वजह से समाज में बदनामी हुई।

Updated: Dec 07, 2022, 01:36 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक दुल्हन ने एक ब्यूटीशियन के खिलाफ खराब मेकअप करने की एफआईआर दर्ज कराई है। दुल्हन के परिजनों का कहना है कि मेकअप आर्टिस्ट ने उनकी लड़की का ढंग से मेकअप नहीं किया, इस वजह से समाज में काफी बदनामी हुई।

मामला जबलपुर कोतवाली थाने का है। थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि बीते 3 दिसंबर को युवती की शादी थी। शादी में दुल्हन का मेकअप करने के लिए परिवार ने ब्यूटी पार्लर संचालिका मोनिका पाठक से संपर्क किया। उसने साढ़े तीन हजार रुपये में दुल्हन का पूरा मेकअप करने की बात कही थी।

यह भी पढ़ें: केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष लामबंद, कांग्रेस की अगुआई वाली बैठक में AAP और TMC भी हुई शामिल

आरोप है कि तीन दिसंबर को जब दुल्हन पार्लर में पहुंची तो वहां मोनिका नहीं थी। उसने अपने कर्मचारियों को दुल्हन का मेकअप करने के लिए कह दिया। लेकिन उन्होंने दुल्हन के मन लायक मेकअप नहीं किया। आरोप है कि मेकअप बिगड़ गया। इस पर दुल्हन ने मोनिका को फोन कर शिकायत की तो उल्टा उसने दुल्हन को ही धमका दिया। दुल्हन का आरोप हे कि मोनिका ने दुल्हन के साथ अभद्रता की और जातिसूचक शब्द भी कहे।

दुल्हन के परिजनों का कहना है कि मेकअप खराब होने के कारण समाज के उनकी बदनामी भी हुई और लड़की मानसिक रूप से तनाव में है। मामले में पुलिस ने आरोपी ब्यूटी पार्लर संचालिका के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया है। सीएसपी प्रभात शुक्ला ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।