सिंधिया को भोपाल में मिला ठिकाना, दिग्विजय सिंह और कमल नाथ के बनेंगे पड़ोसी

सिंधिया को श्यामला हिल्स में बी5 बंगला अलॉट हुआ है, यह दो पूर्व मुख्यमंत्रियों, दिग्विजय सिंह और उमा भारती के बंगले की क़तार में है

Updated: Jan 21, 2021, 04:29 PM IST

भोपाल। बीजेपी के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को बीजेपी ने दिल्ली में भले ही पुराना बंगला ना दिया हो, लेकिन प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्रियों का पड़ोसी जरूर बना दिया है। पार्टी से राज्य सभा सांसद बनने के छह महीने बीतने के बाद अब जाकर शिवराज सरकार ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को ठिकाना दिया है। सिंधिया अब दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के पड़ोसी होंगे। भोपाल के बी8 बंगला कॉलोनी में सिंधिया को जो बी5 बंगला एलॉट किया गया है, वो उमा भारती के ठीक बगल में है। उमा भारती का निवास बी6 है। जबकि दिग्विजय सिंह भी उसी कतार में रहते हैं।

सीएम शिवराज और पूर्व सीएम कमल नाथ होंगे पड़ोसी 

ज्योतिरादित्य सिंधिया को जिस श्यामला हिल्स के इलाके में घर मिला है, वो तमाम राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है और आज भी है। इसी श्यमला हिल्स इलाके में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भी आवास है और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का घर मुख्यमंत्री आवास के सबसे करीब है। सिंधिया को श्यामला हिल्स स्थित बी 5 बंगला अलॉट किया गया है। सिंधिया से पहले इस बंगले में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल रहा करते थे। 

                                                                                         Photo Courtesy: DNA India

कमल नाथ सरकार में नहीं मिला था बंगला 

बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 2018 विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार से भी सरकारी बंगले को अलॉट करने की मांग की थी। लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया की यह मांग पूरी नहीं हो सकी थी। कहा जाता है कि सिंधिया और कांग्रेस के बीच में पनपे दरार में सरकार बंगला अलॉट न किया जाना भी बड़ा कारण रहा। बहरहाल, जजेज कॉलोनी और स्मार्ट सिटी के सामने के इलाके से लगी इस कॉलोनी में राजनीतिक सरगर्मियां अब और तेज़ हो सकती हैं।