MP में कांग्रेस की सरकार आने पर 500 रुपए में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर, नरसिंहपुर पहुंचे कमल नाथ का वादा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने इसके साथ ही यह भी कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने पर राज्य की महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपए भी दिए जाएँगे

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमल नाथ ने चुनाव पूर्व एक बड़ा वादा किया है। नरसिंहपुर की जनसभा में उन्होंने घोषणा की है कि प्रदेश में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो वो खाना पकानेवाले गैस सिलेंडर का दाम 500 रुपए कर देंगे। रसोई गैस का एक सिलेंडर इन दिनों लगभग 1200 रूपये का मिल रहा है।
कमल नाथ ने अपनी सभा में खुद लोगों से ही पूछ लिया कि उन्हें सिलेंडर कितने में चाहिए। इसपर लोगों की भीड़ से आवाज़ आयी पांच सौ रूपये की। आमलोगों की तरफ से मांग आते ही कमल नाथ ने भी कह दिया कि मैं नरसिंहपुर की पावन भूमि से यह ऐलान करता हूं कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर पांच सौ रुपए में सिलेंडर दिए जाएंगे।
बिग ब्रेकिंग
— Piyush Babele||पीयूष बबेले (@BabelePiyush) March 19, 2023
मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही 500 रुपए में मिलेगा गैस सिलेंडर
कांग्रेस सरकार महिलाओं को देगी 1500 रुपए महीना।
पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने नरसिंहपुर की सभा में की घोषणा। pic.twitter.com/GgP0jkcKNX
इसके अलावा कमल नाथ ने प्रदेश की महिलाओं को लेकर भी कई घोषणाएं की। पीसीसी चीफ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर कांग्रेस हर वर्ग की महिलाओं के खाते में प्रति माह 1500 रुपए देगी। इस घोषणा को लेकर कांग्रेस पार्टी पूर्व में भी चर्चा कर चुकी है। बजट सत्र से पहले कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई थी। जिसमें प्रदेश की महिलाओं के खाते में प्रतिमाह वेतन भुगतान को लेकर निर्णय किया गया था। आज खुद कमल नाथ ने सार्वजनिक तौर पर कांग्रेस की इस योजना की घोषणा कर दी है।
यह भी पढ़ें : दर दर भटकने को मजबूर हैं नरसिंहपुर के किसान, प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमल नाथ ने बोला सीएम पर हमला
इससे पहले कमल नाथ ने नरसिंहपुर में प्रेस से बातचीत की। प्रेस वार्ता के दौरान कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज चौहान पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। कमल नाथ ने कहा कि नरसिंहपुर एक कृषि प्रधान ज़िला है लेकिन इसके बावजूद यहां किसानों को बीज सस्ती दरों में उपलब्ध नहीं हो रहे हैं और किसान अपनी फसल का उचित मूल्य हासिल करने के लिए दर दर की ठोकरें खा रहे हैं।
इसके पूर्व में शिवराज सरकार ने महिलाओं के खाते में एक एक हजार रूपये प्रति महीने देने की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद बीजेपी खेमे में उत्साह है। सियासी पंडितों को लग रहा है कि इस बार शिवराज लाडली बहनों के वोट में इस घोषणा के जरिे सेंध लगा दिए है। कमल नाथ का आज का वादा इसी संदर्भ में महिलाओं को अपने पक्ष में करने की एक कवायद के रूप में देखी जा सकती है।