Kamal Nath: कन्या विवाह योजना की राशि न घटाए बीजेपी सरकार

Shivraj Singh Chouhan: कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को लिखा पत्र, कांग्रेस ने बढ़ाई थी कन्या विवाह योजना की राशि

Updated: Aug 22, 2020, 08:13 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने राज्य सरकार द्वारा नवविवाहितों को दी जाने वाली राशि घटाने के फैसले का पुरजोर विरोध किया है। कमल नाथ ने इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिख कर कन्या विवाह योजना के अन्तर्गत दी जाने वाली राशि को यथावत रखने के लिए कहा है। 

दरअसल प्रदेश सरकार ने हाल ही में नव विवाहित कन्याओं को कमल नाथ सरकार के कार्यकाल के दौरान दी जाने वाली 51 हज़ार की राशि को घटा कर वापस 28 हज़ार रूपए कर दिया है। जिसका पूरी कांग्रेस विरोध कर रही है। कमल नाथ ने इसी संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान बढ़ाई गई राशि को घटाने के अपने फैसले से पीछे हटने के लिए कहा है। 

यह निर्णय कथनी और करनी के अंतर को करता है प्रमाणित

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे अपने पत्र में कहा है कि आज समाज का प्रत्येक परिवार कोरोना महामारी से उत्पन्न आर्थिक संकट से जूझ रहा है, ऐसे समय में सरकार का दायित्व है कि समाज के प्रति वर्ग को राहत बढ़ाने हेतु निर्णय ले, परन्तु यह खेद का विषय है कि सरकार द्वारा कन्याओं के विवाह में दी जाने वाली राशि को कम किया जा रहा है। कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपने पत्र में कहा है कि ' आपकी सरका का यह निर्णय गरीब परिवारों और विशेषकर महिलाओं के हितों पर कुठारघात है। यह निर्णय कन्या वर्ग के प्रति आपकी कथनी और करनी के अंतर को भी प्रमाणित करता है।' कमल नाथ ने मुख्यमंत्री से प्रदेश की बेटियों के सुखमय दाम्पत्य जीवन के लिए अपनी सरकार द्वारा बढ़ाई गई राशि को यथावत रखने का निर्णय लेने के लिए कहा है।