कृषि मंत्री के कैटवॉक पर कांग्रेस का तंज, विश्व गुरु बनकर रहेंगे
इंदौर में रैंप पर कैटवॉक करते दिखे कृषि मंत्री कमल पटेल, लोगों ने कहा कि किसानों की भी सुध ले लो सरकार

इंदौर/भोपाल। यूरिया और खाद के लिए दर दर भटक रहे प्रदेश के किसानों को बेसहारा छोड़ राज्य के कृषि मंत्री को कैटवॉक करना ज्यादा मुफीद लगा रहा है। कृषि मंत्री कमल पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे दो महिलाओं के साथ रैंप पर कैटवॉक करते नज़र आ रहे हैं। कमल पटेल के इस कैटवॉक पर कांग्रेस ने भी तंज कसते हुए कहा है कि विश्व गुरु तो बनकर रहेंगे।
दरअसल शनिवार को इंदौर में वूमेन प्रेस क्लब द्वारा फैशन शो का आयोजन किया गया था। शिवराज सरकार में कृषि मंत्री कमल पटेल भी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंच गए। उसी फैशन शो का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कमल पटेल दो महिलाओं के साथ रैंप पर कैटवॉक करते नज़र आ रहे हैं। कमल पटेल दोनों महिलाओं के बीच में कैटवॉक करते हुए विक्ट्री का साइन दिखाते नजर आ रहे हैं।
आजकल मंत्री #कमल_पटैल भी रैम्प पर रंग दिखा रहे हैं।#विश्वगुरू बनकर रहेंगे। pic.twitter.com/HJb87Uiy8v
— Bhupendra Gupta Agam (@bhupendra157) October 10, 2021
कृषि मंत्री के इस वायरल वीडियो को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने चुटकी ली है। भूपेंद्र गुप्ता ने कमल पटेल के कैटवॉक का वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए कहा है कि आज कल मंत्री कमल पटेल रैंप पर अपने रंग दिखा रहे हैं।विश्व गुरु बनकर रहेंगे।
दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर कमल पटेल के इस वीडियो को लेकर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। इस समय प्रदेश के किसान यूरिया और खाद की प्राप्ति के लिए लंबी लंबी कतार में खड़े रहने पर मजबूर हैं। लेकिन इसके बावजूद उन्हें खाद मिलना दूर की कौड़ी साबित हो रहा है। जबकि खुद कृषि मंत्री का ध्यान रैंप पर कैटवॉक करने में मग्न है।