MP में भारत जोड़ो यात्रा का आखिरी दिन, बदनावर में राहुल गांधी बोले- आदिवासी इस देश के असली मालिक

बदनावर में मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी झूठ बोलते हैं। वो झूठों के सरदार हैं। उनका सिर्फ इलेक्शन में ध्यान है। उठते ही टीवी देखो तो मोदी आ जाते है। मोदी की फोटो आ गई तो उस घर को दरिद्री लग गई।

Updated: Mar 06, 2024, 05:29 PM IST

बदनावर। राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज मध्य प्रदेश में पांचवां और आखिरी दिन है। इस दौरान राहुल गांधी धार जिले के बदनावर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, जीतू पटवारी समेत तमाम दिग्गज मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने बदनावर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, 'मुझे किसी ने एक वीडियो भेजा, उसमें बीजेपी का एक नेता एक आदिवासी युवा पर पेशाब कर रहा था। मैंने सोचा ये कैसी सोच है? वो वीडियो पूरे देश में वायरल हुआ। ये बीजेपी की विचारधारा है। ये सिर्फ आदिवासी के साथ ही नहीं, दलितों के साथ, गरीबों के साथ, जहां भी कमजोर लोग हैं उनका अपमान कर सकते हैं। ये करते हैं। अन्याय सिर्फ आदिवासियों के साथ नहीं हो रहा, दलितों के साथ, पिछड़ों के साथ और गरीब सवर्णों के साथ भी अन्याय हो रहा है।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'बीजेपी के लोग आपको वनवासी कहते हैं। आदिवासी नहीं कहते। क्योंकि आदिवासी इस देश के असली मालिक हैं। अगर वे आपको आदिवासी कहेंगे तो उन्हें आपको जल, जंगल, जमीन देनी पड़ेगी। हम आपको आदिवासी मानते हैं। इसलिए आपके लिए ट्राइबल बिल लाए। जमीन अधिग्रहण बिल लाए। आपको आपका हक देने का काम दिया।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'आज एक दो फीसदी लोगों ने देश की पूरी संपत्ति पर कब्जा कर दिया है। आप स्कूल कॉलेज का पैसा देते हो, नौकरी के वक्त वे कहते हैं कि रोजगार नहीं है। पांच लाख आपने कॉलेज को दे दी लेकिन नौकरी नहीं मिलेगा। दो तीन अरबपति आपका जल, जंगल और जमीन ले जाते हैं। हमारा सबसे पहला कदम जातिगत जनगणना है। इससे पता चल जाएगा की आदिवासी कितने हैं, दलित कितने हैं, पिछड़े कितने हैं और कितनी संसाधनों पर इनका कंट्रोल है। ये क्रांतिकारी कदम है। हरित क्रांति और सफेद क्रांति जैसा कदम है। जैसे ही हमारी सरकार आएगी हम जातिगत जनगणना कराएंगे।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'हरियाणा पंजाब के किसान दिल्ली के लिए निकले हैं। वे एमएसपी चाहते हैं। भाजपा सरकार कहती है हम एमएसपी नहीं देंगे। दिल्ली में हमारी सरकार आने पर किसानों को एमएसपी की लीगल गारंटी देंगे, कानून बना देंगे कि कम से कम इतना पैसा मिलेगा। भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों 16 लाख करोड़ रुपए माफ किया। किसानों का एक रुपया माफ नही हुआ।'

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'मध्य प्रदेश ऐसा राज्य जहां देश के लिए कुर्बानी देने वाले चंद्रशेखर आजाद जी का जन्म हुआ था। टंट्या भील, भीमा नायक इसी मध्य प्रदेश के थे। और संविधान निर्माता बाबा साहब आंबेडकर का जन्म भी इसी मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। ऐसी बड़ी बड़ी हस्तियां मध्य प्रदेश में जन्म लिए हैं। देश के लिए लड़े हैं और आजादी लाने में उनका योगदान रहा है। 

खड़गे ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजपी की केंद्र और राज्य में जहां भी सरकारें है। उन्होंने 8 लाख 50 हजार करोड़ का घोटाला किया है। ये सीएजी रिपोर्ट, मीडिया रिपोर्ट में है। ये लोग समझते हैं हम बड़े पाक हैं। पहले दूसरे नेताओं को करप्ट बोलते हैं। जब वो बीजेपी में चले जाते हैं तो अच्छे हो जाते हैं। इनके पास वॉशिंग मशीन है। उसमें डालने के बाद वो नेता क्लीन हो जाते हैं। मोदी झूठ बोलते हैं। वो झूठों के सरदार हैं। उनका सिर्फ इलेक्शन में ध्यान है। उठते ही टीवी देखो तो मोदी आ जाते है। मोदी की फोटो आ गई तो उस घर को दरिद्री लग गई।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री जनता के वोट से नहीं बना है बल्कि पर्ची का मुख्यमंत्री है। दिल्ली से पर्ची आई और शिवराज ने पढ़ दी। प्रदेश में पर्ची का मंत्री है। हमें पर्ची के मंत्री को उनके चुनावी वादे याद दिलाना है। उनसे पूछना है वादे पूरे किए क्या? जीतू ने कहा, मोदी ने कालाधन और रोजगार को लेकर जो बोला वो झूठ बोला।