खुदकुशी के इरादे से वकील ने तालाब में लगाई छलांग, सतर्क गोताखोरों ने बचाई जान

भोपाल के वीआईपी रोड स्थित राजा भोज की प्रतिमा के सामने एक वकील ने आत्महत्या के इरादे से नीचे तालाब में छलांग लगा दी, वकील की खुशकिस्मती थी कि वहां मौजूद गोताखोरों की नज़र वकील पर पड़ गई, और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए वकील को बचा लिया

Publish: Aug 23, 2021, 11:37 AM IST

भोपाल। सोमवार दोपहर को राजधानी भोपाल में एक वकील ने आत्महत्या के इरादे से तालाब में छलांग लगा दी। लेकिन वकील आत्महत्या करने के अपने इरादे में सफल नहीं हो पाया। मौके पर मौजूद नगर निगम के गोताखोरों ने वकील को डूबने से बचा लिया। इसके बाद वकील को पुलिस के हवाले कर दिया गया।  

दरअसल सोमवार दोपहर को राजधानी के वीआईपी रोड पर स्थित राजा भोज की प्रतिमा के सामने एक वकील ने नीचे तालाब में छलांग लगा दी। तालाब में वकील के छलांग लगाते समय अचानक नगर निगम के गोताखोरों की नज़र वकील पर पड़ गई। लिहाज़ा गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए वकील को बचा लिया। गोताखोर तालाब में दाखिल हुए और वकील को सुरक्षित बचा ले आए। 

वकील को सुरक्षित बाहर निकाल लाने के बाद गोताखोरों ने वकील के परिजनों को सूचित किया। परिजनों को फोन लगाने के बाद वकील के बारे में जानकारी मिली कि वह लंबे समय से बीमारी से पीड़ित हैं, इसीलिए उन्होंने आत्महत्या का यह कदम उठाया। वकील का घर भोपाल के कटारा हिल्स में है। गोताखोरों ने वकील के परिजनों को जानकारी देने के बाद वकील को तलैया थाने के हवाले कर दिया। वीआईपी रोड यूं तो सैर सपाटे के लिए मशहूर है। लेकिन आए दिन यहां पर सुसाइड करने की कोशिश भी होती रहती हैं। राजधानी के प्रमुख टूरिस्ट स्पोट होने के साथ साथ यह धीरे धीरे  सुसाइड स्पोट में भी तब्दील होते जा रहा है।