इंदौर में लिव इन कपल की तलवार से मारकर हत्या, करीबी रिश्तेदारों पर हत्या की आशंका

इंदौर में शनिवार रात लिव इन में रह रहे कपल की हत्या कर दी गई। मृतक महिला की बेटी घर पहुंची तो दोनों के शव खून से लथपथ अवस्था में मिले।

Updated: Dec 10, 2023, 11:55 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर अब क्राइम कैपिटल बनने की राह पर है। शहर में आपराधिक घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है। शनिवार को इंदौर में तीन लोगों की हत्या कर दी गई। इनमें एक माहिल, एक पुरुष और एक युवती शामिल है। महिला और पुरुष लिव इन कपल थे।

जानकारी के अनुसार, रवि ठाकुर और सरिता नरवरिया एरोड्रम इलाके में किराए से रहते थे। उनके साथ महिला का बेटा और बेटी भी रहते थे। रवि ठाकुर की सरवटे बस स्टैंड पर होटल है। सरिता ब्यूटी पार्लर चलाती थी। सरिता की बेटी ईशिता ने पुलिस को बताया कि वह एयर हॉस्टेस का कोर्स कर रही है। शनिवार शाम को कोचिंग में थी। तभी मां का मैसेज आया कि कुछ लोग उन्हें मार रहे हैं। वह घर पहुंची, तीसरी मंजिल पर गई तो दरवाजा बंद था। दरवाजा खोला तो शव खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

एडीसीपी आलोक शर्मा और मल्हारगंज एसीपी विवेक चौहान मौके पर पहुंचे। घटना का पता चलते ही महिला का पति ऋषि भी पहुंच गया। पुलिस ऋषि और ईशिता के बयान ले रही है। पुलिस के मुताबिक, कमरे में संघर्ष के निशान मिले हैं। हत्या में दो या इससे ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस का कहना है कि दोनों की तलवार से हत्या की गई है। CCTV में कुछ लोग घर से बाहर निकलते दिख रहे हैं।

थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि रवि ठाकुर नंदा नगर और सरिता अशोक नगर की रहने वाली थी। दोनों के परिवार का आपस में विवाद भी चल रहा है। आशंका है कि परिवार के लोगों ने ही दोनों की हत्या को अंजाम दिया हो। एक दिन में हत्या की तीसरी घटना हुई है। सुबह रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित जबरन कालोनी में निकिता नामक युवती का शव मिला था। शाम को रवि एवं सरिता की हत्या से सनसनी फ़ैल गई।