गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा चंबल, मुरैना में एक ही परिवार के 6 लोगों को मारी गोली

जमीन विवाद को लेकर मुरैना जिले के लेपा गांव में दो गुटों के खूनी संघर्ष, तीन महिला समेत 8 लोगों को मारी गोली

Updated: May 27, 2023, 08:46 AM IST

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां शुक्रवार को दिनदहाड़े एक ही परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद ने शुक्रवार सुबह खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दौरान आरोपियों ने एक परिवार के 8 लोगों को गोलियों से भून डाला। इनमें 6 की मौत हो गई।

घटना मुरैना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र के लेपा भिडोसा गांव की है। जानकारी के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते एक पक्ष ने एक ही परिवार के 8 लोगों को गोलियों से भून दिया। इसमें 3 पुरुष और 3 महिलाओं की मौत हो गई। घायलों में 2 पुरुष हैं। बताया जा रहा है कि इस गोलीकांड के पीछे करीब 10 साल पुरानी लड़ाई है। दरअसल, दस साल पहले मृतकों के परिवार के लोगों ने आरोपियों के परिजन की हत्या की थी।

घटना की सूचना मिलते ही सिंहौनिया सहित आसपास के थानों से भी पुलिस बल लेपा भिडोसा गांव भेजा गया है। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थति बनी हुई है। गांव से मृतकों के शवों को मुरैना अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है। साथ ही घायलों को भी इलाज के लिए मुरैना अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि लेपा गांव के पास ही भिड़ोसा गांव है। भिड़ोसा गांव के ही डकैत पान सिंह तोमर थे। जिनके ऊपर फिल्म भी बन चुकी है। पान सिंह तोमर का विवाद भी जमीन को लेकर गांव के लोगों के साथ हुआ था और वह डकैत बने थे। दोनों ही गांवों को जोड़कर यानि लेपा-भिड़ोसा के नाम से जाना जाता है। दिमनी से कांग्रेस विधायक रविंद्र सिंह भी लेपा भिडोसा गांव के रहने वाले हैं। इसी गांव के डकैत पान सिंह तोमर थे। इसलिए भी ये गांव चंबल क्षेत्र में अपनी पहचान रखता है।