MP शिक्षा विभाग का अजीबोगरीब कारनामा, गणित की परीक्षा में पूछ लिए संस्कृत के प्रश्न

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गणित की परीक्षा में संस्कृत के प्रश्न पूछे गए

Updated: Apr 08, 2022, 06:24 AM IST

अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में शिक्षा विभाग का अजीबोगरीब कारनामा सामने आया है। यहां बुधवार को 8वीं क्लास का गणित का पेपर था, लेकिन इसमें शिक्षा विभाग ने संस्कृत के प्रश्न पूछ लिए। प्रश्नपत्र देखकर विद्यार्थी असमंजस में आ गए। मामला सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। 

दरअसल, माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा बोर्ड परीक्षा 8वीं और 5 वीं की परीक्षाएं 1 अप्रैल से संचालित की जा रही हैं। अशोकनगर में 10 हजार से अधिक छात्र-छत्राएं परीक्षा दे रहे हैं। बुधवार को आठवीं का गणित का पेपर होना था लेकिन छात्रों ने जैसे ही प्रश्न-पत्र को देखा तो हैरान रह गए। उन्होंने देखा कि पेपर है तो गणित का ही, लेकिन कुछ संस्कृत के भी प्रश्न पूछ लिए गए हैं। उन्होंने तुरंत इस मामले को ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों को बताया। 

शिक्षकों ने जब पेपर देखा तो वे भी हैरान रह गए। वे प्रश्न पत्र लेकर परीक्षा केंद्र प्रभारी के पास गए। उन्होंने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और आगे की कार्रवाई के बारे में पूछा। कुछ देर बाद बाद जिले के अन्य परीक्षा केंद्रों से भी इस बात की सूचना आना शुरू हो गई। अंत में फैसला किया गया कि परीक्षा होने दी जाए।

हालांकि, इस मामले को लेकर शिक्षकों के साथ-साथ छात्र भी असमंजस हैं। उनका सवाल है कि संस्कृत के प्रश्न पूछे जाने के बाद उनके नंबरों का क्या होगा। छात्रों को मौखिक रूप से कहा गया है कि गणित के प्रश्नों की जगह जो संस्कृत के प्रश्न आए हैं उनके दस नंबर के बोनस अंक दिए जाएंगे। बहरहाल, अब सवाल उठ रहा है कि शिक्षा विभाग की ओर से इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई?