बुरहानपुर: बाघ के हमले में किसान की मौत, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

दो दिन से लापता था किसान, जंगल में मिली किसान की आधी लाश, पास में थे बाघ के पग मार्क

Updated: Feb 24, 2023, 04:02 AM IST

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में एक आदमखोर बाघ ने एक किसान पर हमला कर उसकी जान ले ली। किसान का शिकार करने के बाद बाघ उसका आधा शरीर भी खा गया है। दो दिन से लापता 
किसान की लाश उसी के खेत के पास मिली है। 

मामला नेपानगर के ग्राम गोंद्री का है। जहां गुरुवार की सुबह किसान का शव क्षत विक्षत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। जब वन अमला और पुलिस मौके पर पहुंचा तो शव की हालात देख और आसपास पंजे के निशान देख वन्य प्राणी के हमले से मौत की संभावना जताई। 

बाघ के हमले में जान गंवाने वाले किसान का नाम मुन्ना पिता खोंगड़े कास्डेकर उम्र 38 साल बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार किसान अपने खेत से देर रात घर जा रहा था, तभी अचानक बाघ ने हमला कर दिया। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद ही स्थति स्पष्ट होगी। वन अमला जांच में जुट गया है।

डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि वनपरिक्षेत्र नावरा व खकनार तहसील के राजस्व ग्राम गोंद्री के निवासी मुन्ना का क्षत विक्षत शरीर राजस्व क्षेत्र में ताप्ती नदी के पास झाड़ियों के बीच पाया गया है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को शव के पास बाघ के पगमार्क भी मिले हैं और मृतक के शरीर पर नाखूनों के निशान भी मिले हैं। खबर ये भी है कि इलाके में ही बाघ ने एक बैल पर हमला कर उसे भी घायल किया है।