कर्नाटक फतह के बाद अब मिशन एमपी में जुटी कांग्रेस, भोपाल में वचन पत्र समिति की अहम बैठक

प्रियंका गांधी 12 जून को जबलपुर में 'संकल्प 2023’ (मैनिफेस्टो) लॉन्च कर सकती हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस का वचन पत्र मध्य प्रदेश के विकास का नया रोडमैप तैयार करेगा।

Updated: May 14, 2023, 01:33 PM IST

भोपाल। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद कांग्रेस पार्टी अब मध्य प्रदेश फतह की तैयारियों में जुट गई है। इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस जोर-शोर से प्रचार-प्रसार कर रही है। विपक्षी दल जल्द ही चुनावी घोषणापत्र भी लॉन्च करने वाली है। इसके लिए रविवार को पीसीसी चीफ कमलनाथ ने वचन पत्र समिति की बैठक ली।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह 11 बजे पूर्व मुख्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के भोपाल स्थित आवास पर वचन पत्र समिति की बैठक शुरू हुई। बैठक की अध्यक्षता कमलनाथ कर रहे हैं। बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मेंबरसुरेश पचौरी, वचन पत्र समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, सज्जन वर्मा, मुकेश नायक, सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बताया जा रहा है कि इस बैठक में वचन पत्र को अंतिम रूप देने पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। कांग्रेस के वचन पत्र में नारी सम्मान योजना पर मुख्य फोकस है। इस योजना के तहत कांग्रेस सरकार आने के बाद महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह और 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा कर रही है। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी 12 जून को जबलपुर में 'संकल्प 2023’ (मैनिफेस्टो) लॉन्च कर सकती हैं।

इसके पहले कमलनाथ मध्य प्रदेश में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की भी घोषणा कर चुके हैं। वचन पत्र में इसे भी शामिल किया जा रहा है। कांग्रेस के वचन पत्र में इस बार फिर से किसान कर्ज माफी सस्ती बिजली और सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं शामिल होंगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस का वचन पत्र मध्य प्रदेश के विकास का नया रोडमैप तैयार करेगा।