Nittin Gadkari: शिवराज सिंह चौहान अधिकारियों की मत सुनिए
NH Projects in Madhya Pradesh: 10 हजार करोड़ के नए सड़क निर्माण कार्य की घोषणा, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया 45 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

भोपाल। मध्यप्रदेश में 10 हजार करोड़ से अधिक लागत की 1,361 किलोमीटर लम्बी 45 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम किया गया। केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री नितिन गडकरी ने वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग से इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। मध्य प्रदेश में विभिन्न अनुमतियों के कारण कामों के अटकने का ज़िक्र करते हुए मंत्री गडकरी ने कहा कि अनुमतियाँ जल्दी दीजिए हम काम जल्दी करेंगे। प्रदेश में कामों को स्वीकृत करने को लेकर मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सलाह दी कि अधिकारियों की मत सुनिए। सरकारी सिस्टम बहुत स्लो होता है। आप सात सौ करोड़ का प्रस्ताव स्वीकृत कर भेजिए हम काम आगे बढ़ाएँगे।
शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आज हुए शिलान्यास एवं लोकार्पण की अधिकांश सड़कें व पुल पर्यटन क्षेत्रों से हैं। इनके बनने से मध्य प्रदेश में पर्यटन का विकास होगा। अटके हुए काम 2020-2021 में पूरे होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सारे अटके कार्यों का निपटारा हो गया है।अब अधूरे कामों का कोई बैकलॉग नहीं है। मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश में 10 हजार करोड़ के नए सड़क निर्माण कार्य की घोषणा की। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे को 2023 के पहले पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से इस एक्सप्रेस वे के आसपास औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का आग्रह किया। मध्य प्रदेश में एक्सीडेंट मुक्त रोड बनाने का अभियान आरम्भ करें।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सड़कों में सुधार और पुलों के निर्माण से आवागमन का समय सुधरेगा। ये सड़क और पुल मध्य प्रदेश के विकास में अहम् भूमिका निभाएँगे। चौहान ने मध्य प्रदेश के राजमार्गों के उन्नयन के लिए परियोजना को स्वीकृत करने की माँग रखी।
Inauguration and Foundation Stone Laying Programme of NH projects in Madhya Pradesh https://t.co/8C3SdDFLsn
— Nitin Gadkari (@nitin_gadkari) August 25, 2020
कार्यक्रम में एमपी के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि नालों और नदी के कारण कई बार आवागमन रोक देना पड़ता था। नई सड़क बन जाने से यह समस्या नहीं होगी। रेलवे क्रासिंग पर भी ओवर ब्रिज बन जाने से सड़क मार्ग बंद नहीं होगा। पंचायत राज, ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने मंत्री नितिन गडकरी द्वारा प्रदेश में किये कार्यों का उल्लेख कर उनका आभार जताया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. थावरचंद गेहलोत ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के विभिन्न मंत्री और विधायक ऑनलाइन शामिल हो रहे हैं।