MP के प्रसिद्ध कथावाचक की हार्ट अटैक से मौत, व्यास पीठ पर कथा सुनाते वक्त ही बेसुध होकर गिरे

कथावाचक भागवताचार्य पंडित गोपाल कृष्ण महाराज गुरु पूर्णिमा पर रविवार को राजगढ़ के पाड़ल्या आंजना गांव के गुरु आश्रम में कथा कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और मौत हो गई।

Updated: Jul 24, 2024, 05:48 PM IST

सारंगपुर। कोरोना काल के बाद देशभर में में हार्ट अटैक के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। स्थिति यह है कि पूर्णत: स्व्स्थ लोग भी हार्ट अटैक की चपेट में आकर जिंदगी गंवा दे रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी लगातार इसी तरह के मामले सामने आ रहे हैं। राजगढ़ जिले के सारंगपुर में भागवत कथा के दौरान व्यास पीठ पर ही कथावाचक की हार्ट अटैक से मौत हो गई।

प्रसिद्ध कथावाचक व भागवताचार्य गोपाल कृष्ण महराज गुरुपूर्णिमा के मौके पर राजगढ़ जिले के सारंगपुर में कथा कर रहे थे। वे जब व्यास गद्दी पर बैठकर भागवतकथा कर रहे थे इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया।

बताया जा रहा है कि कथावाचक भागवताचार्य पंडित गोपाल कृष्ण महाराज गुरु पूर्णिमा पर रविवार को पाड़ल्या आंजना गांव के गुरु आश्रम में कथा कर रहे थे। करीब 2 घंटे 35 मिनट चली कथा के अंत में आरती के पहले वे भजन सुना रहे थे। श्रद्धालु भजनों पर नाच रहे थे। इसी बीच पंडित गोपाल कृष्ण व्यास पीठ पर ही गिर पड़े।

आयोजक समिति के सदस्य विजय सिंह लववंशी ने बताया कि महाराज को पहले पचोर के निजी अस्पताल फिर सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे उज्जैन के रहने वाले थे। सोमवार को कथावाचक का पार्थिव शरीर राजगढ़ के गुरु आश्रम लाया गया। यहां श्रद्धांजलि के बाद शव को उज्जैन के लिए रवाना किया गया। उज्जैन के आश्रम में अंतिम संस्कार किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरु पूर्णिमा उत्सव पर भागवत कथा समापन और आरती की तैयारी चल रही थी। सभी भजन पर नाच गा रहे थे। इसी दौरान गुरुजी को अटैक आ गया। वो गाते गाते गिर पड़े। हम सभी समिति के लोग उन्हें मंच से उठाकर तुरंत अस्पताल लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।