बीच बाजार भाजपा नेताओं में हुई भिड़ंत, जमकर चले लाठी-डंडे, जिला उपाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्ष को पीटा

मध्य प्रदेश के श्योपुर में भाजपा नेताओं के बीच आपसी मनमुटाव मारपीट में बदला, जिला उपाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्ष को जमकर पीटा, मंडल अध्यक्ष अस्पताल में भर्ती

Updated: Aug 29, 2022, 10:58 AM IST

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर में भाजपा नेताओं के बीच का मनमुटाव सोमवार को मारपीट में बदल गया।बीजेपी जिला उपाध्यक्ष और उसके गुर्गों ने मंडल अध्यक्ष की बीच बाजार में पिटाई कर दी। इस घटना में मंडल अध्यक्ष लकी सुमन बुरी तरह घायल हो गए। मंडल अध्यक्ष को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक श्योपुर के बीजेपी में अंतर्कलह चरम पर है। यहां भाजपा कई खेमों में बंटी हुई है।बीजेपी नेताओं के बीच आपसी मनमुटाव इस कदर बढ़ गया है कि वे अब एक दूसरे को देखना भी नहीं चाहते। सोमवार को पमानपुर के बीजेपी मंडल अध्यक्ष लकी सुमन पार्टी के किसी कार्यक्रम की तैयारियां में जुटे हुए थे।

यह भी पढ़ें: MP में बारिश से 3,000 KM सड़कें क्षतिग्रस्त, मरम्मत करने में खर्च होंगे 293 करोड़

उन्होंने भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष नरेश मीणा को इस कार्यक्रम की सूचना नहीं दी थी। इसी बात पर नरेश मीणा भड़क गए। इसके बाद उन्होंने अपने गुर्गों को बुलावा भेजा और उन्हें साथ लेकर सोईकला कस्बे पहुंचे। यहां उनके गुर्गों ने चलती हुई बाइक से खींचकर मंडल अध्यक्ष को सड़क पर उतारा और बीच बाजार में लाठी डंडों से उनकी जमकर पिटाई की।

बीच बाजार ने भाजपा नेताओं के बीच मारपीट की घटना को देखकर वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में घायल मंडल अध्यक्ष को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलाहल श्योपुर बीजेपी की ओर से इस संबंध में कोई बयाना जारी नहीं किया गया। हालांकि, इस घटना ने जिले में नेताओं के बीच कलह और आंतरिक गुटबाजी की पोल खोल दी है।