महाराष्ट्र के बुलढाणा में ट्रक पलटने से 13 मजदूरों की मौत, मध्य प्रदेश के रहने वाले थे सभी मृतक
ये सभी मजदूर मध्य प्रदेश के खरगोन और धार जिले के रहने वाले थे, काम की तलाश में आठ दिन पहले ही ये महाराष्ट्र के गए थे

भोपाल। शुक्रवार दोपहर को महाराष्ट्र के बुलढाणा में ट्रक पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में मरने वाले सभी लोग मजदूर थे और मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। ये सभी मजदूर आठ दिन पहले ही काम की तलाश में एमपी से महाराष्ट्र गए थे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मजदूरों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले मृतक आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखते थे। ये सभी मध्य प्रदेश के खरगोन और धार जिले के रहने वाले थे। 13 मृतकों में से 7 खरगोन के रहने वाले थे, जबकि 6 मजदूर धार के रहने वाले थे। मृतकों की हुई शिनाख्त के बाद यह जानकारी सामने आई है कि खरगोन के मेलेखेड़ी और बबलई गांव के रहने वाले थे।
हादसे का शिकार मृतक करीब आठ दिन पहले ही रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र रवाना हुए थे। लेकिन किसे पता था कि काल इन सभी मजदूरों का इंतजार कर रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के पार्थिव शरीर मध्य प्रदेश लाने के निर्देश दिए हैं। वहीं खरगोन प्रशासन भी बुलढाणा पहुंच गया है।
महाराष्ट्र में हुए सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के खरगोन के हमारे कई श्रमिक भाइयों के असामयिक निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 20, 2021
ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!
सीएम ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि महाराष्ट्र में हुए सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के खरगोन के हमारे कई श्रमिक भाइयों के असामयिक निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!