मैहर: नाबालिग से गैंगरेप के आरोपियों के घर चला बुलडोजर, बच्ची की हालत गंभीर

शुक्रवार को 12 साल की बच्ची से गैंगरेप किया गया था। आरोपी बच्ची को जंगल में छोड़ गए थे। बच्ची रीवा जिला अस्पताल में भर्ती है।

Publish: Jul 29, 2023, 05:42 PM IST

मैहर। मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर में 11 साल की बच्ची से गैंगरेप के आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपी अतुल कुमार बढोलिया और रवि कुमार पुलिस को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 10 अगस्त तक जेल भेज दिया गया है। इधर, दोनों आरोपियों के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर भी चलाया।

प्रशासन की टीम ने शनिवार सुबह पहले आरोपी रवि कुमार का मकान ढहाया। इसके बाद टीम आरोपी अतुल कुमार बढोलिया का मकान ढहाने पहुंची तो परिवार की महिलाएं सामने आकर खड़ी हो गईं। उन्होंने कहा कि वारदात के वक्त अतुल ड्यूटी पर था। उसे फंसाया जा रहा। पहले मामले में पूरी जांच की जाए, इसके बाद बुलडोजर चलाया जाए। हालांकि, प्रशासन ने मकान ढहा दिया।

शुक्रवार को 11 साल की बच्ची से गैंगरेप किया गया था। सतना जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर मैहर के पास स्थित गांव में बच्ची को पहाड़ी पर ले जाकर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। जिस जगह पर घटना हुई वहां पास ही में देवी शारदा का मंदिर है जहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं। आरोपियों ने हैवानियत की हद पार करते हुए रेप के बाद बच्ची के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाल दी थी। 

जानकारी के अनुसार बच्ची गुरुवार, 27 दुलाई दोपहर करीब एक बजे घर के बाहर से लापता हो गई थी।।28 जुलाई की सुबह खून से लथपथ हालत में घर लौटने के बाद बच्ची ने अपने परिजनों को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद परिजन स्थानीय लोगों के साथ थाने पहुंचे और FIR दर्ज कराई। बच्ची को गंभीर हालत में रीवा के जिला अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बच्ची का ऑपरेशन भी किया है। डॉक्टरों की टीम बच्ची की 24 घंटे निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर उसे भोपाल या दिल्ली भी शिफ्ट किया।