चुनाव पूर्व MP कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, मुकुल वासनिक की जगह जेपी अग्रवाल बने स्टेट इंचार्ज

मुकुल वासनिक पिछले 2 साल से मध्य प्रदेश के प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। 2020 में कमलनाथ की सरकार जाने के बाद दीपक बावरिया की जगह मुकुल वासनिक को मध्य प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया था।

Updated: Sep 08, 2022, 11:39 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस बड़े स्तर पर संगठनात्मक बदलाव करने की तैयारी में है। इसकी शुरुआत गुरुवार को स्टेट इंचार्ज के पद से हुई। शीर्ष नेतृत्व ने मुकुल वासनिक को इस पद से हटा दिया है। मुकुल वासनिक की जगह अब दिल्ली कांग्रेस के नेता जेपी अग्रवाल मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी होंगे। हालांकि, मुकुल वासनिक AICC महासचिव बने रहेंगे।

मुकुल वासनिक पिछले 2 साल से मध्य प्रदेश के प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। साल 2020 में कमलनाथ की सरकार गिरने के बाद शीर्ष नेतृत्व ने दीपक बावरिया को हटाकर मुकुल वासनिक को मध्य प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाया था। मुकुल वासनिक गांधी परिवार के बेहद करीबी माने जाते हैं। हालांकि, चुनाव पूर्व मुकुल वासनिक को हटाने के पीछे कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। 

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा दिन आज, अगस्तीस्वरम से आगे निकली पदयात्रा, यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

माना जा रहा है कि जेपी अग्रवाल के पदभार ग्रहण करते ही अब संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव संभव है। जयप्रकाश अग्रवाल का लंबा राजनीतिक कैरियर और अनुभव रहा है। वे चार बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। अग्रवाल को गांधी परिवार का भी बेहद करीबी माना जाता है। साल 2013 में दिल्ली में कांग्रेस की सरकार जाने के बाद अग्रवाल ने अपना इस्तीफा सौंप दिया था।