लड़की से छेड़खानी के आरोप में युवक को मिली तालिबानी सजा, चार लोगों ने बेरहमी से की मारपीट

बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक ने लड़की से छेड़खानी की थी। जिसके बाद उसे सुनसान जगह बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई।

Updated: Jan 13, 2024, 11:47 AM IST

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को लड़की से छेड़खानी के आरोप में तालिबानी सजा दी गई। चार लोगों ने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में जिस व्यक्ति के साथ मारपीट की जा रही है उसने आरोपियों के परिवार की लड़की से कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी। जिसके बाद उसे सुनसान जगह बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई। ट्विटर पर तेजी से वायरल हो रहा यह वीडियो तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। 

वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक शख्स की जमकर पिटाई कर रहे है। गाली-गलौज करते हुए कोई हाथ से तो कोई पैर से बुरी तरह पीट रहा है। शख्स माफी की भीख मांगता रहा, लेकिन इसके बावजूद बदमाशों का दिल नहीं पसीजा। आरोपी कोतवाली थाना क्षेत्र के रिछरा फाटक के रहने वाले हैं। फिलहाल यह मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है और न ही पीड़िता ने अब तक इसकी शिकायत की है। वीडियो सामने आने के बाद अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।