मंडला: फुल्की खाने से दो दर्जन से ज्यादा लोगों की तबियत बिगड़ी, सभी अस्पताल में भर्ती

कलेक्टर मंडला हर्षिका सिंह के निर्देश के बाद सिविल सर्जन के साथ आधा दर्जन डॉक्टर फुल्की खाने वालों का इलाज कर रहे हैं, अब तक 26 लोग हो चुके हैं एडमिट, कई अन्य भी बीमार

Updated: May 29, 2022, 04:25 AM IST

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में फुल्की खाने के बाद दो दर्जन से ज्यादा लोगों की तबियत बिगड़ गई। अबतक 26 लोगों को अस्पताल में एडमिट कराया गया है, जबकि कई अन्य लोग भी बीमार हैं। बताया जा रहा है की जिले के मोहगांव ब्लाक के ग्राम सिंगारपुर में लोगों ने एक ही जगह से फुल्की खाई थी। इसके बाद देर रात इनकी तबीयत खराब होने लगी और इन्होंने अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। जिला कलेक्टर ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

सिविल सर्जन डा के आर शाक्य ने मीडिया को बताया कि अबतक 26 लोग भर्ती कराए जा चुके हैं। खुद सीएमएचओ डॉक्टर श्रीनाथ सिंह मौके पर टीम के साथ रवाना हुए हैं। कलेक्टर मंडला हर्षिका सिंह के निर्देश के बाद सिविल सर्जन के साथ आधा दर्जन डॉक्टर बीमार लोगों का इलाज कर रहे हैं। मंडला जिला मुख्यालय से ग्राम सिंगापुर में गाड़ी भेजी गई है। जितने भी लोग भर्ती किए गए हैं, वो सभी खतरे से बाहर हैं। स्थानीय विधायक डॉक्टर अशोक मसकोले भी जिला अस्पताल में इलाज की व्यवस्था देख रहे हैं।

यह भी पढ़ें: ग्वालियर में सेवानिवृत्त जवान ने की आत्महत्या, मानसिक तनाव के चलते मारी गोली

CMHO ने डॉक्टरों की टीम के साथ मोर्चा संभाला रखा है। बताया जा रहा है की सिंगारपुर गांव में अचानक दो दर्जन लोग जिसमें बच्चे भी शामिल हैं, तबियत खराब हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस कम पड़ गई तो अन्य साधनों से मरीजों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पूरे मामले पर जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।