मनरेगा के कार्यों में रिश्वत ले रहे हैं मंत्री सिसोदिया, कांग्रेस MLA जयवर्धन सिंह का गंभीर आरोप

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया पर मनरेगा के कार्यों में कमीशनखोरी के आरोप लगाए हैं।

Updated: Jun 19, 2023, 04:26 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस विधायक  जयवर्धन सिंह ने पंचायत मंत्री पर महेंद्र सिंह सिसोदिया पर कमीशनखोरी के आरोप लगाए हैं। जयवर्धन सिंह ने कहा है कि मंत्री सिसोदिया मनरेगा के कार्यों में रिश्वत ले रहे हैं।

दरअसल, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुना पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय विधायक व मध्य प्रदेश के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया पर जमकर हमला बोला। जयवर्धन सिंह ने सिसोदिया पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और लोगों से सरकार बदलने की अपील की।

यह भी पढ़ें: भाजपा याद रखे हमारी चक्की धीरे पीसती है, पर बारीक पीसती है, महिदपुर से गरजे कमलनाथ

जयवर्धन सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, 'हमें ऐसी सरकार चुननी है जो भ्रष्टाचारी न हो। लोगों को अपना काम कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।' राघौगढ़ विधायक ने मंत्री सिसोदिया का नाम लिए बिना कहा कि आज जो स्थिति गुना में है वो किसी से छुपी नहीं है। पंचायत के काम भोपाल से हो रहे हैं। ये वो महान मंत्री हैं जो मनरेगा के कार्यों में रिश्वत ले रहे हैं. नई मिसाल कायम कर रहे हैं।

जयवर्धन सिंह के आरोपों पर पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, 'जयवर्धन सिंह को पता ही नहीं है कि पंचायत की राशि का उपयोग किस मद में किया जाता है। कांग्रेस के पास केवल मनगढ़ंत आरोप लगाने का काम बचा है। केवल चरित्रहनन करने से कुछ नहीं होता जनता सब जानती है। जयवर्धन सिंह जी जो आरोप लगा रहे हैं, उसका जवाब मैं नहीं बमौरी क्षेत्र की जनता देगी।'