MP: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से ठगी, मंत्रालय में सेटिंग बताकर लाखों रुपए ऐंठे

राजगढ़ में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से 50 लाख रुपए से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी कृष्ण मोहन वर्मा उर्फ बंटी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

Updated: Mar 01, 2026, 11:19 AM IST

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद मामले ने बड़ा रूप ले लिया जब 10 से अधिक पीड़ित कोतवाली पहुंच गए और सामूहिक रूप से आवेदन देकर करीब 50 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी का आरोप लगाया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जांच में जुट गई है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्ण मोहन वर्मा उर्फ बंटी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वह खुद को मंत्रालय और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। आरोपी विशेष रूप से वन विभाग और पशुपालन विभाग में नियुक्ति कराने का झांसा देकर युवाओं से मोटी रकम वसूलता था।

विश्वास बनाने के लिए आरोपी कई युवाओं को मंत्रालय तक भी ले गया था। जिससे उन्हें उसकी पहुंच पर भरोसा हो गया था। इसी भरोसे के आधार पर अलग-अलग लोगों से पैसे लिए गए थे। सामूहिक शिकायत करने वाले सात लोगों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग में भर्ती के नाम पर उनसे कुल 24.40 लाख रुपए ऐंठे गए थे।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हिनोतिया निवासी नागराज से पशुपालन विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर 6.60 लाख रुपए और रामबाबू से 3 लाख रुपए लिए गए थे। वहीं, नरसिंहगढ़ के आयुष से भी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3 लाख रुपए वसूले गए थे। पुलिस का कहना है कि अन्य आवेदकों से भी अलग-अलग रकम ली गई है।

आरोपी लंबे समय से इस ठगी को अंजाम दे रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि साल 2021 से लेकर अब तक वह कई किश्तों में रकम वसूलता रहा था। पुराने रिकॉर्ड खंगालने पर यह भी सामने आया कि साल 2021-22 के दौरान चार अन्य आवेदकों से भी करीब 12 लाख रुपए लिए गए थे।

पीड़ितों के अनुसार, आरोपी ने सभी को 5 जनवरी 2026 तक पूरी राशि लौटाने का आश्वासन दिया था लेकिन तय समय आने पर उसने पैसे लौटाने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी थी। जब लोगों ने दबाव बनाया तो वह धमकियां देने लगा था। जिसके बाद पीड़ितों ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई।