आंध्र प्रदेश की पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 18 श्रमिकों की दर्दनाक मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाके इतना भीषण था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

Updated: Feb 28, 2026, 05:22 PM IST

अमरावती। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेटलापलेम गांव में शनिवार को पटाखा बनाने वाली यूनिट में भीषण धमाका हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 18 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। धमाके के समय यूनिट में 20 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाके इतना भीषण था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे में घायल लोगों को अस्पताल भेजना शुरू किया।

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करने को कहा है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।

राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।