अब सागर में हैवानियत की शिकार हुई बच्ची, मध्य प्रदेश में नहीं थम रहे बलात्कार के मामले

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक ही दिन में सिर्फ सागर में सामूहिक दुष्कर्म के तीन मामले दर्ज हुए हैं

Updated: Jan 23, 2021, 04:57 AM IST

भोपाल/सागर। मध्य प्रदेश में बच्चियों और महिलाओं के साथ बलात्कार जैसी घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को सागर में एक 14 वर्षीय बच्ची के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने बच्ची को पहले अगवा किया, फिर उसके बाद बच्ची को उसकी हत्या करने का डर दिखा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। 

दरअसल सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली बच्ची गुरुवार को अपने घर के बाहर टहल रही थी, तभी सुल्तान घोषी और गगन सोनी नामक व्यक्ति बच्ची को अगवा कर 70 वर्षीय रामस्वरूप नामक व्यक्ति के घर ले गए। उसके बाद तीनों ने बच्ची को हत्या का डर दिखा कर मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात को अंजाम दिया। 

 मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बच्ची को सागर विश्वविद्यालय के पास विश्वविद्यालय में काम करने वाले एक कर्मचारी ने गुरुवार देर रात को संदिग्ध हालत में पाया था। इसके बाद उस कर्मचारी ने बच्ची को उसके घर पहुंचाया। बच्ची ने घर पहुंच कर अपने परिजनों को खुद के साथ हुई इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सागर के पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह ने कहा कि शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बच्ची को दुष्कर्म की बात उजागर करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। अतुल सिंह ने कहा कि तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मध्य प्रदेश में लगातार रेप के मामले सामने आ रहे हैं। एक हिंदी अख़बार की मानें तो अकेले सागर में एक दिन में दुष्कर्म के तीन मामले सामने आए हैं।