मितेंद्र सिंह होंगे MP यूथ कांग्रेस के नए अध्यक्ष, विक्रांत भूरिया का इस्तीफा मंजूर

विक्रांत भूरिया ने चुनाव प्रचार में व्यस्तता के चलते एमपी यूथ कांग्रेस अध्यक्ष के पद से मुक्त करने की मांग की थी

Updated: Apr 09, 2024, 05:38 PM IST

भोपाल। मितेंद्र सिंह मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के नए अध्यक्ष होंगे। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने मित्रेंद्र की इस पद पर नियुक्ति कर दी है। 

श्रीनिवास बीवी ने मितेंद्र सिंह को लिखे पत्र में कहा है कि मैं आपको तत्काल प्रभाव से मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त कर रहा हूं। भारतीय यूथ कांग्रेस को पूरा भरोसा है कि आप पार्टी को मजबूत करने में अपनी पूरी ऊर्जा लगा देंगे। 

मितेंद्र सिंह ग्वालियर से आते हैं और उनके पिता ज़िला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मितेंद्र सिंह की नियुक्ति से पहले विक्रांत भूरिया ने अपने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी।

विक्रांत भूरिया ने श्रीनिवास बीवी को पत्र लिखकर कहा था कि उनका अधिकतर समय चुनावी प्रचार में व्यतीत हो रहा है और इतनी व्यस्तता के चलते उन्हें लगता है कि वह अपने पद के साथ न्याय नहीं कर पा रहे हैं, लिहाजा भूरिया ने यह पद किसी अन्य व्यक्ति को देने की पेशकश भी कर दी थी।

यह भी पढ़ें : MP यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने की इस्तीफे की पेशकश, बोले पद के साथ नहीं कर पा रहा हूं न्याय

भूरिया ने कहा था कि इस समय देश लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ रहा है और लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस को हर सीट जीतना जरूरी है। भूरिया ने श्रीनिवास से कहा था कि अगर वह किसी अन्य व्यक्ति को इस पद पर नियुक्त करते हैं तो वह ख़ुद भी इस फैसले का समर्थन करेंगे। 

दरअसल रतलाम झाबुआ लोकसभा क्षेत्र से विक्रांत भूरिया के पिता कांतिलाल भूरिया कांग्रेस के उम्मीदवार हैं और भूरिया ने अपने चुनाव प्रचार में एड़ी चोटी का ज़ोर लगा दिया है। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोमवार को मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया। राहुल ने शहडोल और सिवनी में जनसभाएं करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस की सरकार आने पर आदिवासियों के लिए कई वादे भी किए, जिसमें पचास फीसदी से अधिक आदिवासी आबादी वाले क्षेत्र में समिति के शासन का वादा भी शामिल है।