MLA उमंग सिंघार की पत्नी ने मेड को पीटा, पुलिस ने दर्ज की FIR, गर्लफ्रेंड सुसाइड केस में चर्चित हुए थे सिंघार

कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार की पत्नी पिंकी सिंघार पर उनके घर खाना बनाने वाली मेड ने मारपीट और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं, मेड की शिकायत पर पुलिस ने विधायक की पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

Updated: Nov 03, 2022, 09:39 AM IST

धार। मध्य प्रदेश के पूर्व वन मंत्री व कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार की पत्नी पर उनके घर में काम करने वाली मेड ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सिंघार के घर खाना बनाने वाली महिला ने उनकी पत्नी के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज करने की शिकायत थाने में की है। बता दें कि गंधवानी विधानसभा क्षेत्र से विधायक उमंग सिंघार पिछले साल गर्लफ्रेंड सुसाइड केस में चर्चित हुए थे।

जानकारी के मुताबिक फरियादी महिला विधायक उमंग के धार निवास पर काफी समय से खाना बनाती है। पुलिस से की गई शिकायत में गायत्री भूरिया ने बताया कि विधायक उमंग सिंघार की पत्नी पिंकी सिंघार ने खाना बनाने की बात पर मुझे अपशब्द कहे और मेरे साथ मारपीट भी की। महिला की शिकायत पर नोगांव पुलिस ने विधायक की पत्नी के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। महिला ने कल देर रात करीब डेढ़ बजे केस दर्ज कराया था।

यह भी पढ़ें: गली-मोहल्ले में बिक रही शराब, चुनाव जीतने के लिए एक्शन लेना होगा, बीजेपी MLA ने अपनी ही सरकार को घेरा

विधायक सिंघार का घर धार के आदर्श रोड पर पुराने PWD कार्यालय के पीछे बना है। पिछले कई सालों से यहां गायत्री नौकरी कर रही है। कल दोपहर करीब 2.30 बजे के आसपास विधायक की पत्नी पिंकी ने खाना बनाने की बात को लेकर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उसके साथ मारपीट की थी। जिसके बाद वह थाने पहुंची। नोगांव टीआई चंद्रभान सिंह चडार ने कहा कि महिला ने थाने आकर विधायक की पत्नी के खिलाफ शिकायत कराई है। जिस पर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

बता दें कि विधायक उमंग सिंघार पिछले साल तब सुर्खियों में आए थे जब उनकी गर्लफ्रेंड सोनिया भारद्वाज ने सुसाइड कर लिया था। सोनिया लगातार मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी। मामले में उमंग सिंघार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की थी। हालांकि, हाईप्रोफाइल केस होने के कारण उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई।