MP: पुलिस को ठेंगा दिखाते आरोपी, दुष्कर्म का आरोपी हथकड़ी सहित थाने से फरार

शनिवार तड़के आरोपी धर्मवीर जाटव टॉयलेट के बहाने हवालात से निकला था लेकिन जब आरोपी कुछ समय बाद नही लौटा तो पुलिस थाने में हड़कंप मच गया।

Updated: Jun 11, 2022, 10:21 AM IST

Photo Courtesy: News24
Photo Courtesy: News24

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था का क्या हाल है इस बात से अंदाजा लगाइए कि नाबालिक लड़की से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस थाने से फरार हो गया। आरोपी किसी ग्रामीण थाने से फरार नही हुआ है बल्कि ग्वालियर शहर के यूनिवर्सिटी थाने से हथकड़ी सहित फरार हुआ है। इस घटना से ग्वालियर पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है।

दरअसल यूनिवर्सिटी थाने में बंद आरोपी पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित थाने से भाग निकला। शनिवार तड़के आरोपी धर्मवीर जाटव टॉयलेट के बहाने हवालात से निकला था लेकिन जब आरोपी कुछ समय बाद नही लौटा तो पुलिस थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थाने पहुंचे। अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई निर्देश दिए है।

यह भी पढ़ें: पैगंबर को गाली देने वाले इंस्टा यूजर के खिलाफ MP के दो जिलों में FIR, जांच में जुटे साइबर एक्सपर्ट्स

आरोपी का नाम धर्मवीर जाटव है और उस पर नाबालिक लड़की से दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। आरोपी रणवीर जाटव एक नाबालिग लड़की को ग्वालियर से भगाकर ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को कड़ी मेहनत के बाद महाराष्ट्र के औरंगाबाद से गिरफ्तार किया था।

दुष्कर्म के आरोपी का हथकड़ी सहित पुलिस थाने से फरार हो जाने की घटना पुलिस प्रशासन की लापरवाही दर्शाती ही है। इसके साथ इस घटना में किसी तरह की मिलीभगत होने की सम्भावना को भी इंकार नहीं किया जा सकता है।बहरहाल पुलिस जाँच में जुटी है। अब देखते है कि पुलिस आरोपी को कब तक पकड़ती है और दोषियों को क्या सजा देती है? इससे पहले भिंड के गोहद में पुलिस हिरासत से लूट का आरोपी डकैत भाग निकला था और डकैत को पकड़ने गई पुलिस को ग्रामीणों से खदेड़ दिया था।