CJP प्रदर्शन का असर: MP से दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनें रद्द, शान-ए-भोपाल और राजधानी एक्सप्रेस आज नहीं चलेंगी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली देशभर के मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गईं हैं।

Updated: Oct 09, 2026, 03:24 PM IST

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पश्चिम मध्य रेलवे ने रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस (12155) को परिचालन संबंधी कारणों से शुक्रवार को निरस्त कर दिया है। इसके अलावा भोपाल होकर चलने वाली छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुंबई)-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (22221) भी अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना नहीं होगी।

दरअसल, CJP प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी दिल्ली की किलेबंदी की जा रही है। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसी तरह मध्य प्रदेश से भी दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने CJP के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के चलते ट्रेनों को रद्द किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जबलपुर मंडल की तीन प्रमुख ट्रेनों का भी 9 अक्टूबर को संचालन नहीं होगा। रेलवे के अनुसार, दिल्ली क्षेत्र में संभावित भारी यातायात दबाव को देखते हुए इन ट्रेनों का एक-एक फेरा निरस्त किया गया है।

* गाड़ी संख्या 22181: जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस।
* गाड़ी संख्या 12189: जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन महाकौशल सुपरफास्ट एक्सप्रेस।
* गाड़ी संख्या 12121: जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एमपी संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस।

रतलाम मंडल से संबंधित दो प्रमुख ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। ये ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से निर्धारित समय से पांच घंटे की देरी से रवाना होंगी।

* गाड़ी संख्या 12951: मुंबई सेंट्रल–नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस।
* गाड़ी संख्या 12953: मुंबई सेंट्रल–हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति एक्सप्रेस।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने की जानकारी दी है। जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद के मुताबिक, प्रदर्शन की सूचना 7 अक्टूबर को दी गई थी, जबकि तय गाइडलाइन के अनुसार 10 दिन पहले आवेदन देना जरूरी है। एहतियात के तौर पर 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने और 10 डिटेंशन सेंटर बनाने की जानकारी भी सामने आई है। 

इधर, मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर दिल्ली जा रहे छात्र-छात्राओं व कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतारकर रोके जाने का मामला सामने आया है। ये सभी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, गोवा एक्सप्रेस में सफर कर रहे CJP और विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े 22 कार्यकर्ताओं को जो पुणे से दिल्ली के लिए जा रहे थे, उन्हें इटारसी स्टेशन पर उतारा गया। इनमें पुणे से आ रहे AISF से जुड़े छात्र भी शामिल बताए गए हैं।