MP: राघौगढ़ में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का हुआ भव्य स्वागत, राहुल गांधी बोले- असल मुद्दों को टीवी पर नहीं दिखाया जाता

देश में पब्लिक सेक्टर की यूनिट कांग्रेस लेकर आई। हम चाहते हैं कि 90 प्रतिशत भारतीयों को न्याय मिले। इसके लिए क्रांतिकारी कदम है- जातिगत जनगणना: राहुल गांधी

Updated: Mar 04, 2024, 04:51 PM IST

राघौगढ़। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज तीसरा दिन है। गुना और राजगढ़ जिले में न्याय यात्रा के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह नजर आया। राजगढ़ के राघौगढ़ में राहुल गांधी की यात्रा का लोगों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान राहुल के साथ जीप पर दिग्विजय सिंह और विधायक जयवर्धन सिंह भी मौजूद रहे। 

राघौगढ़ में यात्रा के पहुंचने पर एक युवक ने राहुल के स्वागत में आतिशबाजी भी की। पार्टी नेताओं ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो राहुल गांधी ने कहा कि रहने दो वे मजे के लिए कर रहा है। राहुल गांधी ने राघौगढ़ के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में पब्लिक सेक्टर की यूनिट कांग्रेस लेकर आई। हम चाहते हैं कि 90 प्रतिशत भारतीयों को न्याय मिले। इसके लिए क्रांतिकारी कदम है- जातिगत जनगणना। इससे पता चल जाएगा कि किसके हाथ में कितना धन है? 

राहुल सांकृत्यायन ने यात्रा शुरू करने के कारणों को लेकर कहा, 'कांग्रेस चाहती है कि-. देश की जनता के जेब में पैसे आएं, आपके लिए बैंक के दरवाजे खुलें, आपका कर्ज माफ हो, आपको रोजगार मिले, देश में महंगाई कम हो। इसीलिए हमने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू की है।'

राहुल गांधी ने यात्रा के दौरान कहा कि देश में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार है लेकिन इन मुद्दों को टीवी पर कभी नहीं दिखाया जाता है। टीवी पर 24 घंटे अंबानी की शादी, बॉलीवुड स्टार दिखाए जाते हैं। आपके मुद्दे इसलिए दिखते, क्योंकि मीडिया पर आम जनता का नहीं बल्कि अरबपतियों का कंट्रोल है। 

राघौगढ़ में सभा के बाद लंच ब्रेक भी हुआ। इसके बाद यात्रा बीनागंज के लिए रवाना हुई। यहां से राहुल ब्यावरा जाएंगे और भाटखेड़ी गांव में किसानों से संवाद करेंगे।

यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मीडिया से कहा कि, 'पहले कांग्रेस के परिवारवाद के खिलाफ PM मोदी बोला करते थे। अब जब परिवारवाद PM मोदी का बढ़ गया है, उसके बाद कुछ कहना चाहेंगे। मोदी मुद्दा नहीं हैं। हमारा विषय मोदी नहीं हैं। विषय इस देश में बढ़ती गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई है। इन सभी मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाएगा।'