कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, कमलनाथ-दिग्विजय सिंह समेत इन दिग्गजों का नाम शामिल

MP By-election: स्टार प्रचारकों की लिस्ट में राहुल और प्रियंका गांधी का नाम नहीं, कांग्रेस बोली- उपचुनाव में राष्ट्रीय नेता नहीं जाते हैं, यह कांग्रेस की परंपरा है

Updated: Oct 09, 2021, 03:33 AM IST

Photo Courtesy: News18
Photo Courtesy: News18

भोपाल। मध्य प्रदेश में उपचुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई है। कांग्रेस ने 1 लोकसभा और 3 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। 20 सदस्यीय स्टार प्रचारकों की इस सूची में कमलनाथ-दिग्विजय सिंह के अलावा प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने स्टार प्रचारकों की जो लिस्ट जारी की है उसमें सुरेश पचौरी, अरुण यादव, सज्जन सिंह वर्मा, जीतु पटवारी, विक्रांत भूरिया और अर्चना जायसवाल का भी नाम शामिल है। स्टार प्रचारकों की सूची में AICC द्वारा नियुक्त सचिव के अलावा दूसरे प्रदेश के किसी नेता को जगह नहीं दी गई है। 

खास बात ये है कि राहुल और प्रियंका गांधी को भी स्टार प्रचारक नहीं बनाया गया है। इससे साफ है कि राहुल या प्रियंका उपचुनाव के लिए प्रचार करने नहीं आएंगे। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की यह परंपरा रही है कि उपचुनाव में राष्ट्रीय स्तर के नेता नहीं जाते हैं।