MP Election 2023: सिंधिया समर्थक एक और प्रत्याशी ने छोड़ा मैदान, जज्जी के बाद अब तोमर होस्पिटलाइज्ड

क्षेत्र में भारी विरोध झेल रहे ग्वालियर से भाजपा प्रत्याशी प्रधुमन सिंह तोमर अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। इससे तीन दिन पहले ही अशोकनगर से प्रत्याशी जजपाल सिंह जज्जी अस्पताल में एडमिट हुए थे।

Updated: Nov 11, 2023, 04:38 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार प्रसार पूरे शबाब पर है। इसी बीच प्रत्याशियों के तबियत बिगड़ने की भी लगातार खबरें आ रही है। शनिवार को सिंधिया समर्थक एक और प्रत्याशी ने मैदान छोड़ अस्पताल का रुख किया। क्षेत्र में भारी विरोध झेल रहे ग्वालियर से भाजपा प्रत्याशी प्रधुमन सिंह तोमर अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। इससे तीन दिन पहले ही अशोकनगर से प्रत्याशी जजपाल सिंह जज्जी अस्पताल में एडमिट हुए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार की सुबह ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को बुखार आई। जिसके बाद वे शासकीय सिविल अस्पताल हजीरा में जाकर भर्ती हो गए। हालांकि, उनकी स्थिति बिल्कुल सामान्य बताई जा रही है। तोमर के समर्थकों का कहना है कि जनसंपर्क के दौरान वे थकान महसूस कर रहे थे और इसी वजह से बीमार हो गए। 

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: सुन लें, कल के बाद परसो भी आएगा, पक्षपात करने वाले अधिकारियों को कमलनाथ की चेतावनी

तोमर के समर्थकों ने ये भी कहा कि हम उन्हें प्राइवेट अस्पताल में ले जाना चाह रहे थे लेकिन उन्होंने खुद निजी अस्पताल में जाने से मना कर दिया और शासकीय अस्पताल में भर्ती हो गए। यहां डॉक्टर ने उनका चेकअप किया है और शुरुआती तौर पर डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं है। तोमर को मीडिया कर्मियों को से दूर रखा गया है। 

ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर साल 2018 में ग्वालियर विधानसभा से ही चुनाव जीतकर विधायक बने और वह कमलनाथ सरकार में मंत्री भी रहे थे। बाद में वह पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए। इस बार चुनाव में तोमर का काफी विरोध हो रहा है। ऐसे में कुछ लोग ये भी कह रहे हैं कि सहानुभूति के लिए चुनाव से ऐन पहले वे अस्पताल गए हैं।

यह भी पढ़ें: स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की 15 हजार रुपए मासिक आय, खुशहाली मिशन के तहत कांग्रेस का बड़ा ऐलान

बता दें कि तीन दिन पहले सिंधिया समर्थक प्रत्याशी जजपाल सिंह जज्जी भी बीमार पड़ गए थे। जज्जी मध्य प्रदेश के किसी भी हॉस्पिटल में इलाज कराने के बजाए दिल्ली शिफ्ट हो गए। साथ ही अस्पताल के बेड पर लेटकर उन्होंने एक वीडियो भी शूट कराया जिसमें वह लोगों से कह रहे हैं की वह अब चुनाव के समय वह उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। क्योंकि इस दौरान उन्हें अस्पताल में रहना पड़ेगा।