MP Election 2023: मंच से आरिफ मसूद की नाकामियां गिना रहे थे ध्रुव नारायण, महिला ने जमकर लगाई फटकार

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। बीजेपी ने भोपाल मध्य से ध्रुव नारायण सिंह को टिकट दिया है। ध्रुव नारायण सिंह का मुकाबला आरिफ मसूद से है। आरिफ मसूद कांग्रेस के मौजूदा विधायक हैं।

Updated: Nov 05, 2023, 07:57 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी-कांग्रेस ने प्रचार तेज कर दिया है। नेता एक दूसरे पर हमला बोल रहे हैं। मध्य प्रदेश की राजनाधी भोपाल की मध्य सीट में एक दिलचस्प वाक्या हुआ। यहां से बीजेपी नेता ध्रुव नारायण सिंह उम्मीदवार हैं। ध्रुवनारायण सिंह को प्रचार के दौरान एक महिला ने जमकर खरी-खोटी सुनाई।

दरअसल, ध्रुव नारायण सिंह प्रचार के दौरान कांग्रेस विधायक की नाकामियों को गिनाकर जनता को भड़काने की कोशिश कर रहे थे इसी दौरान एक महिला मंच के सामने आ गई और उसने पहले ध्रुव नारायण सिंह को जमकर फटकारा। साथ ही कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के विकास कार्यों की जमकर प्रशंसा की।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि ध्रुवनारायण सिंह बीते दिनों चुनाव प्रचार के लिए अर्जुन नगर झुग्गी बस्ती पहुंचे थे। वे जब अर्जुन बस्ती में लोगों को आरिफ मसूद के खिलाफ भड़का रहे थे उसी दौरान एक महिला वहां आ गई। महिला ने मंच के सामने आकर आकर कांग्रेस विधायक की जनकल्याण के कामों को गिनाया। महिला की बात सुनकर बीजेपी उम्मीदवार हक्के-बक्के रह गए।