MP Election 2023 Live: MP में 76 फीसदी से अधिक मतदान, आगर मालवा में सर्वाधिक 85.03 फीसदी वोटिंग
Madhya Pradesh Vidhan Sabha Chunav 2023 LIVE Updates: मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 2533 प्रत्याशियों की किस्मत आज EVM में कैद हो गई है।
MP Assembly elections: मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग संपन्न हो चुकी है। चुनाव आयोग द्वारा रात साढ़े दस बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक इस चुनाव में 76.15 फीसदी वोटिंग हुई है। ये आंकड़ा देर रात तक बढ़ सकता है। क्योंकि कई जिलों में आठ बजे बाद तक मतदान जारी रहे। सबसे अधिक 85.03 प्रतिशत वोट आगर मालवा जिले में डाले गए हैं।
इस चुनाव में 2 हजार 533 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के लिए यह चुनाव किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। मतदाताओं ने पिछली बार कमलनाथ की 15 महीने और शिवराज की साढ़े तीन वर्ष की सरकार को देखा है। उसी आधार पर जनता अपना फैसला सुना सकती है।
कंट्रोल रूम से कमलनाथ-दिग्विजय सिंह ने लिए फीडबैक
प्रदेश में 17 नवंबर को हुए मतदान के लिए कांग्रेस पार्टी ने पीसीसी मुख्यालय से कंट्रोल रूम संचालित किया। पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित वरिष्ठ नेता एवं अधिवक्ताओं की टीम ने प्रदेश भर से शिकायतों को सुना और अधिकारियों से उचित कार्रवाई करने के लिए संवाद किया। इस दौरान 200 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई जिनकी शिकायत निर्वाचन आयोग से की गई। इसके अतिरिक्त कांग्रेस पार्टी ने 15 जघन्य मामलों की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है। सूत्रों के मुताबिक कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने सभी 230 सीटों के फीडबैक लिए।
शाम 5 बजे तक 71.16 प्रतिशत वोटिंग
मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर शाम 5 बजे तक 71.16 प्रतिशत वोटिंग हुई। सबसे अधिक 82 प्रतिशत वोट आगर मालवा जिले में डाले गए हैं। सबसे कम आलीराजपुर जिले में 56.24% वोट पड़े। रतलाम जिले की सैलाना सीट पर सबसे ज्यादा 85.49% वोटिंग हुई। भिंड सीट पर सबसे कम 50.41% वोट डाले गए।
तीन बजे तक 60.52 फीसदी मतदान
मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 60.52 प्रतिशत वोटिंग हुई। निर्वाचन आयोग के मुताबिक सबसे अधिक 70.27 प्रतिशत वोट शाजापुर जिले में डाले गए हैं। सबसे कम भोपाल जिले में 45.34% वोट पड़े।
तेज गति से मतदान करें: कमलनाथ
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने मतदाताओं से तेज गति से वोटिंग करने की अपील की है। कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'यह चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि जिस गति से आपने अब तक मतदान किया है, उससे और तेज गति से अगले कुछ घंटे में मतदान करें और लोकतंत्र की जीत सुनिश्चित करें।'
यह चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि जिस गति से आपने अब तक मतदान किया है, उससे और तेज गति से अगले कुछ घंटे में मतदान करें और लोकतंत्र की जीत सुनिश्चित करें।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) November 17, 2023
MP में 1 बजे तक 45.40 फीसदी मतदान
दोपहर एक बजे तक मध्य प्रदेश में 45.40 प्रतिशत मतदान हो चुका है। कई जिलों में यह आंकड़ा दोपहर एक बजे ही 50 फीसदी के पार भी जा चुका है। सबसे अधिक 60.88 प्रतिशत वोट नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले की परसवाड़ा विधानसभा सीट पर डाले गए हैं। सबसे कम 27.85% वोट राजधानी भोपाल की नरेला विधानसभा सीट पर पड़े।
दिग्विजय सिंह ने भोपाल में डाला वोट

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपनी पत्नी अमृता राय के साथ भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित मतदान केंद्र में वोट डालने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 130 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया। छतरपुर की घटना को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि, 'छतरपुर में हमारे एक कार्यकर्ता को बीजेपी उम्मीदवार ने अपनी गाड़ी से कुचल दिया। पुलिस ने अभी तक न तो गाड़ी जब्त की है और न ही उम्मीदवार को गिरफ्तार किया है। खुली गुंडागर्दी है। बीजेपी अध्यक्ष के चेले वहां से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने वहां अवैध रेत खनन किया है। मैंने कलेक्टर-एसपी से बात की है। हमारी पार्टी चुनाव आयोग को भी इस बारे में रिपोर्ट दे रही है।'
सुबह 11 बजे तक 28.25 फीसदी मतदान
मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों सुबह 11 बजे तक 28.25 प्रतिशत वोटिंग हुई।
सुबह 9 बजे तक 10 फीसदी मतदान

मध्य प्रदेश में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया था। 2 घंटे पूरे होने के बाद यानी 9 प्रदेश भर में 10.44 फीसदी वोटिंग हुई है। भोपाल में 7.13, इंदौर में 6.52, ग्वालियर में 5.91, जबलपुर में 11.71, उज्जैन में 12.96 फीसदी वोटिंग हुई है।
सब सच्चाई का साथ देंगे: कमलनाथ

छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व सीएम कमलनाथ ने सौंसर में वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि सब सच्चाई का साथ देंगे। मैं शिवराज सिंह नहीं हूं जो कहूंगा कि इतनी सीटें आएंगी। जनता तय करेगी कि कितनी सीटें आएंगी। भाजपा के पास पहले पुलिस, प्रशासन और पैसा था, अभी भी कुछ घंटों तक पुलिस, प्रशासन और पैसा है।
कांग्रेस का तूफान आ रहा है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी मतदाताओं से मतदान की अपील की है साथ ही कांग्रेस सरकार बनाने का दावा किया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का तूफान आ रहा है - भारी बहुमत के साथ! घरों से निकल कर, आज करें बड़ी संख्या में मतदान - और, चुनें गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के भरोसे वाली कांग्रेस की सरकार।'
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का तूफान आ रहा है - भारी बहुमत के साथ!
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 17, 2023
घरों से निकल कर, आज करें बड़ी संख्या में मतदान - और, चुनें गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के भरोसे वाली कांग्रेस की सरकार। pic.twitter.com/8cdohuutOl
यशोधरा राजे सिंधिया ने डाला वोट

मध्य प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने शिवपुरी में तात्या टोपे मतदान क्रमांक-152 पर वोट डाला। इस बार यशोधरा चुनावी मैदान से बाहर हैं। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।
विपिन वानखेड़े ने किया मतदान

आगर मालवा जिले की आगर विधानसभा सीट से विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े ने मतदान किया। वानखेड़े ने अपनी पत्नी के साथ टील्लर कॉलोनी के मतदान केंद्र पर वोट डाला। आगर से भाजपा ने मधु गहलोत को उम्मीदवार बनाया है।
खिलचीपुर में ईवीएम खराब
राजगढ़ जिले की खिलचीपुर के पिपली बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र क्रमांक-238 की EVM में वोटिंग शुरू होते ही खराबी आ गई। इसे सुधारने के बाद मतदान दोबारा शुरू हुआ। खिलचीपुर से कांग्रेस ने प्रियव्रत सिंह को उम्मीदवार बनाया है वहीं भाजपा की ओर से पूर्व विधायक हजारीलाल दांगी मैदान में हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने की मतदान की अपील
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदान की अपील करते हुए लिखा, 'मध्य प्रदेश के साढ़े आठ करोड़ लोग आज जीतेंगे, क्योंकि वे परिवर्तन के लिए एकजुट हैं। हमारा पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से आग्रह है कि वे इस बदलाव के आंदोलन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेकर, मतदान अवश्य करें। रोज़गार के नए आयाम आपका इंतज़ार कर रहें हैं और आप प्रदेश के भर्ती घोटालों से मुक्ति पाएंगे। हमारी माताओं-बहनों का बहुमूल्य वोट महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा चक्र खड़ा करेगा, जिससे वो स्वावलंबन के पथ पर अग्रसर होंगी। हमारे किसान, खेत-मज़दूर भाई-बहन, फ़सल के लिए बेहतर दाम पाएँगे और उनके एक वोट से उनका क़र्ज़ माफ़ होगा। हमारे दलित, आदिवासी व पिछड़े समाज के लोग रोज़ाना हो रहे अत्याचार से छुटकारा पाएँगे और न्याय प्रणाली में विकास के प्रबल भागीदार बनेंगे। आपके एक वोट की शक्ति - छात्रों को आर्थिक मदद, स्वास्थ्य व पेयजल का अधिकार व इलाज के लिए निःशुल्क बीमा, जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर सकती है।… तो बढ़ाइये हाथ वोटिंग बटन पर, और अपने लोकतांत्रिक अधिकार का जमकर प्रयोग कीजिए। विजयी होगा मध्य प्रदेश, बेहतर बनेगा अपना देश।
मध्य प्रदेश के साढ़े आठ करोड़ लोग आज जीतेंगे, क्योंकि वे परिवर्तन के लिए एकजुट हैं।
— Mallikarjun Kharge (@kharge) November 17, 2023
हमारा पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से आग्रह है कि वे इस बदलाव के आंदोलन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेकर, मतदान अवश्य करें।
रोज़गार के नए आयाम आपका इंतज़ार कर रहें हैं और आप प्रदेश के भर्ती…
पीएम मोदी ने युवाओं से की मतदान की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से मतदान की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया, 'आज मध्य प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मुझे विश्वास है कि राज्य के हर क्षेत्र के मतदाता पूरी गर्मजोशी से मतदान करेंगे और लोकतंत्र के इस महापर्व की रौनक बढ़ाएंगे। इस चुनाव में पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं।'
आज मध्य प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मुझे विश्वास है कि राज्य के हर क्षेत्र के मतदाता पूरी गर्मजोशी से मतदान करेंगे और लोकतंत्र के इस महापर्व की रौनक बढ़ाएंगे। इस चुनाव में पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं।
— Narendra Modi (@narendramodi) November 17, 2023
MP की हाई प्रोफाइल सीटें
मध्य प्रदेश में कई हाईप्रोफाइल सीटें हैं जहां बड़े नेताओं की किस्मत दांव पर लगी है। इनमें छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ, बुधनी से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, दिमनी से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, नरसिंहपुर से प्रह्लाद सिंह पटेल, निवास से फग्गन सिंह कुलस्ते, राघौगढ़ से जयवर्धन सिंह जैसे बड़े नेता शामिल हैं। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-1 से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं भाजपा के लोकसभा सांसद-राकेश सिंह, गणेश सिंह और रीति पाठक भी मैदान में हैं।