प्रधानमंत्री ने रेपिस्टों की रिहाई पर खुशी जताने वाले को शिक्षा मंत्री नियुक्त किया: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक ऐसे व्यक्ति को शिक्षामंत्री बनाया है, जिसने गर्भवती महिला के बलात्कारियों की रिहाई पर सहमति व्यक्त की और खुशी जताई।

Updated: Jul 28, 2026, 07:11 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा में दोपहर 2 बजे से पेपर लीक से जुड़े 'पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' पर चर्चा शुरू हो गई है। विधेयक में 2024 में बने कानून में बदलाव का प्रस्ताव है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा इससे पेपर लीक रोकने में मदद मिलेगी। इस दौरान प्रियंका गांधी ने नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर तीखा हमला बोला है।

प्रियंका गांधी ने सरकार से सवाल किया कि छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन चलाने का अधिकार किसने दिया। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक ऐसे व्यक्ति को शिक्षामंत्री बनाया है, जिसने गर्भवती महिला के बलात्कारियों की रिहाई पर सहमति व्यक्त की और खुशी जताई। प्रियंका गांधी के इस बयान पर सत्ता पक्ष ने सदन में खूब हंगामा किया।

इस दौरान स्पीकर ने प्रियंका गांधी से कहा कि आप बिना तथ्यों से इस तरह की बातें सदन में न करें। इसके जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रह्लाद जोशी जी ने बिल्किस बानो के बलात्कारियों पर बयान दिया। उसका प्रमाण मैं आपको भेज दूंगी। इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार वचन नहीं, जुमले देती है। दोपहर का सत्र शुरू होने पर स्पीकर ओम बिड़ला ने कहा कि मैंने चर्चा के लिए 6 घंटे का समय तय किया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष चाहें तो समय बढ़ा सकते हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार ने सभी दलों से बात की है। अब 8 घंटे चर्चा होगी। जरूरत होगी तो हम 10 घंटे भी चर्चा को तैयार हैं।