MP: खंडवा के छोटी छैगांव स्थित जिनिंग फैक्टरी में लगी आग, लाखों का कपास जलकर राख

खंडवा के छैगांव देवी स्थित पदम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली वर्धमान जिनिंग मिल में आग लग गई। आग की खबर से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तत्काल स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।

Updated: Mar 26, 2024, 07:11 PM IST

खंडवा। बीती शाम खंडवा के छैगांव देवी स्थित पदम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली वर्धमान जिनिंग मिल में आग लग गई। आग की खबर से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तत्काल स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पदम नगर थाना प्रभारी अशोक सिंह के साथ-साथ छैगांवमाखन थाना प्रभारी विक्रम धारवे भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।

और पढ़ें: MP: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक ही दिन में दो शावकों की मौत, तीन महीने में 9 बाघों की हो चुकी है मौत

वहीं खंडवा से आई फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। हालांकि आग विकराल रूप ले चुकी थी, जिसके चलते इन फायरफाइटर से आग पर काबू नहीं पाया जा सका। यह आग इतनी भीषण थी कि लपटें आसमान को छूती नजर आईं। इस घटना में लाखों का कपास जलकर राख हो गया। आग किन कारणों से लगी है, अभी इसका पता नही लगाया जा सका है। इसकी जांच अभी बाकी है। 

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के मलकापुर के जैन परिवार की इस वर्धमान जिनिंग मिल में लगी आग में 1500 से अधिक कपास की गठानें जलकर राख हो चुकी हैं, जिसके चलते फैक्टरी मालिक को हुए करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।