इंदौर छोड़ आज से खुले सभी जगह स्कूल, डेढ़ साल बाद स्कूलों में लौटे बच्चे

प्रदेश के सभी स्कूलों को आज से खोल दिया गया है, वहीं इंदौर में आज स्थानीय अवकाश के कारण स्कूल बंद हैं, इंदौर के निजी स्कूल दीपावली या दशहरा के बाद खुल सकते हैं

Updated: Sep 20, 2021, 04:06 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के करीब सवा लाख प्राथमिक स्कूलों को आज से खोल दिया गया है। करीब डेढ़ साल बाद प्रदेश के स्कूलों में बच्चे लौट आए हैं। हालांकि इंदौर में आज स्कूल नहीं खुल पाए हैं। इंदौर के निजी स्कूल दीपावली या दशहरे के बाद खुलेंगे। 

सोमवार से प्रदेश के 83 हजार से ज्यादा शासकीय और करीब 40 हजार निजी स्कूलों को पढ़ाई के लिए खोल दिया गया है। अभिभावकों की अनुमति लेकर और तमाम कोरोना गाइडलाइंस का पालन किया जाना सुनिश्चित किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तमाम शिक्षकों और स्टाफ से टीकाकरण का प्रमाणपत्र भी जमा करा लिया गया है। ताकि कोरोना के खतरे को बच्चों तक पहुंचने से रोक जा सके।

स्कूलों में कोविड गाइडलाइन को सख्ती से पालन के निर्देश दिए गए हैं। मास्क और शारीरिक दूरी के साथ साथ स्कूलों में सैनिटाइजर की व्यवस्था भी की गई है। शिक्षा विभाग की ओर से तमाम एहतियात बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। 

हालांकि इंदौर में आज से स्कूल नहीं खुल पाए हैं। इंदौर में स्थानीय अवकाश होने की वजह से शासकीय स्कूल नहीं खुल पाए। ये स्कूल मंगलवार से खुल जाएंगे। लेकिन निजी स्कूलों के खुलने पर अभी भी संशय बरकरार है। निजी स्कूलों के पास इस समय पर्याप्त व्यव्स्था नहीं है। इसलिए इन्हें दीपावली या दशहरे के बाद खोला जाएगा।