भोपालः मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले ही राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी करने का दौर जारी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) ने शनिवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें सीधी जिले की 2 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इसके पहले सपा 4 सीटों पर पहली लिस्ट में नाम घोषित कर चुकी है।

समाजवादी पार्टी ने दूसरी सूची में पहला नाम सीधी जिले की धोहनी विधानसभा सीट से विश्वनाथ सिंह मरकाम का है और दूसरा नाम चितरंगी विधानसभा सीट से श्रवण कुमार गोंड का है। इसके पहले सपा ने पहली सूची में चार प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की थी। इसमें निवाड़ी विधानसभा से पूर्व विधायक मीरा दीपक यादव, छतरपुर के राजनगर से बृजगोपाल पटेल, दतिया के भांडेर से सेवानिवृत्त जज आरडी राहुल और भिंड के मेहगांव से बृजकिशोर सिंह गुर्जर को प्रत्याशी बनाया है। 

वहीं कांग्रेस के अलावा प्रदेश के अन्य राजनीतिक दलों ने भी अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। प्रदेश में सबसे पहले बहुजन समाजवादी पार्टी ने सात उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। इसके बाद भाजपा ने 39 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी।