बेस्ट टूरिज्म विलेज प्रतियोगिता में MP ने जीते दो अवार्ड, पन्ना के मडला को स्वर्ण और सीधी के खोखरा को मिला कांस्य

मध्य प्रदेश के ग्राम मडला और खोखरा 2023 के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के रूप में चुने गए हैं, विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय की ओर से इन ग्रामों को स्वर्ण श्रेणी और कांस्य श्रेणी में सम्मानित किया गया है।

Updated: Sep 27, 2023, 11:04 PM IST

भोपाल। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय की बेस्ट टूरिज्म विलेज प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ने फिर शीर्ष स्थान हासिल किया है। प्रदेश के पन्ना जिले का ग्राम मडला और सीधी जिले का खोखरा 2023 के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गाँव के रूप में चुने गए हैं। नई दिल्ली के भारत मंडपम् कन्वेंशन सेंटर में पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पन्ना के मडला ग्राम को स्वर्ण श्रेणी और सीधी के खोखरा ग्राम को कांस्य श्रेणी में सम्मानित किया गया है। 

बता दें कि पन्ना का मडला गाँव, खूबसूरत केन नदी के किनारे स्थित है, जो कि पन्ना टाइगर रिजर्व का एक गेट भी है। वहीं, सीधी का खोखरा गाँव, संजय दूबरी टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में स्थित है। दोनो गाँव ग्रामीण पर्यटन भ्रमण, होम-स्टे अनुभव, स्थानीय भोजन, कला और शिल्प में अनूठे हैं। समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक सौंदर्य इन ग्रामों की विशेषता है।

बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित इस सम्मान समारोह में सचिव, पर्यटन, भारत सरकार वी. विद्यावती द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से अपर प्रबंध संचालक विवेक श्रोत्रिय और संचालक कौशल डॉ. मनोज कुमार सिंह ने पुरस्कार ग्रहण किया। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने हर्ष जताते हुए ग्रामीण परियोजना विकास में प्रयासरत सभी अधिकारियों और सहभागी संस्थाओं को बधाई दी है। 
उन्होंने आशा जताई की कि सभी के एकजुट प्रयासों से मध्य प्रदेश को विश्व के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अग्रणी बनायेंगे।

मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग ने इस उपलब्धि पर कहा कि मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड न केवल पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए कार्यरत है, अपितु संतुलित और संवहनीय पर्यटन को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। यह सामाजिक-आर्थिक विकास को सक्षम कर मध्यप्रदेश को सम्पूर्ण पर्यटन अनुभव कराने वाले गंतव्य के रूप में स्थापित करता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रख टूरिज्म बोर्ड द्वारा रिस्पोंसिबल टूरिज्म मिशन का संचालन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत ग्रामीण पर्यटन परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है।