गुना में मुस्लिम समाज के अध्यक्ष को दिन दहाड़े मारी गई गोली, मृत्यु के बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर की कार्रवाई

आरोपी का नाम रानू है, वह हिस्ट्री शीटर हनीफ खान का बेटा है, हत्या के बाद से ही आरोपी और उसका परिवार फरार है

Updated: Jun 27, 2021, 01:21 PM IST

मृतक मोहम्मद शफीक
मृतक मोहम्मद शफीक

गुना। गुना में मुस्लिम समाज के ज़िला अध्यक्ष को दिन दहाड़े गोली मार दी गई। दो बाइक सवार लोगों ने मृतक पर हमला कर दिया। मुख्य आरोपी ने मुस्लिम समाज के अध्यक्ष के ऊपर बंदूक तान दी और लगातार दो बार फायरिंग कर फरार हो गए। आनन फानन में घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक तौर पर यह मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। 

रविवार सुबह को मुस्लिम समाज के ज़िला अध्यक्ष मोहम्मद शफीक उर्फ काले खां अपने दांतों का चेक अप कराने डेंटिस्ट के पास गए थे। बोहरा कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में मोहम्मद शफीफ खड़े ही थे कि इतने में दो बाइक सवार उनके पास आ धमके। एक आरोपी के पास चाकू था जबकि दूसरे के पास बंदूक थी। बंदूक धारी व्यक्ति ने मोहम्मद शफीक के ऊपर गोली चला दी। दो राउंड फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। 

घटना के चश्मदीदों ने मोहम्मद शफीक को आनन फानन में गुना के ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन मोहम्मद शफीक जान नहीं बच सकी। शफीक की हत्या का आरोप रानू नामक युवक पर लगा है। रानू शहर के हिस्ट्री शीटर हनीफ खान का बेटा है। खुद हनीफ खान पर अलग अलग थानों में 34 मामले दर्ज हैं। घटना के बाद से ही आरोपी अपने परिवार सहित गायब है। 

मोहम्मद शफीक की मृत्यु के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पनप गई। मृतक के जानने वाले जब आरोपी के घर पहुंचे तब वहां कोई भी मौजूद नहीं था। लोगों ने आरोपी के घर पर पथराव करना शुरू कर दिया। इतने में पुलिस भी आरपी के घर पर कार्रवाई करने पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी के घर से सात बाइक और एक कार जब्त कर लिया। इसके बाद प्रशासन ने आरोपी के घर के आगे बना रैंप तोड़ दिया।