लहार में पोस्टल बैलेट के साथ छेड़छाड़ हुई, भिंड कलेक्टर के तत्काल हटाएं, दिग्विजय सिंह ने CEC को लिखा पत्र

मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित पत्र में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि मतदान वाले दिन यानी 17 नवम्बर को भिंड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस से जुड़े एजेंट्स को पोलिंग बूथ के अंदर जाने से रोका गया।

Updated: Nov 29, 2023, 03:38 PM IST

भिंड। बालाघाट के बाद अब भिंड जिले के लहार से पोस्टल बैलेट के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को पत्र लिखकर लहार विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान विभिन्न गड़बड़ियों की शिकायत की है। सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से अनुरोध करते हुए कहा है कि भिंड कलेक्टर को तत्काल हटाया जाए।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित पत्र में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि मतदान वाले दिन यानी 17 नवम्बर को भिंड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस से जुड़े एजेंट्स को पोलिंग बूथ के अंदर जाने से रोका गया। इतना ही नहीं हमारे जो एजेंट्स पोलिंग बूथ के अंदर थे, उन्हें भी पीठासीन अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने जबरदस्ती बाहर कर दिया। सिंह ने दावा किया है कि बूथ में लगे CCTV कैमरों में इसे देखा जा सकता है। यह रिटर्निंग अधिकारियों के हैंडबुक में उल्लेखित नियमों का घोर उल्लंघन है।

यह भी पढ़ें: पोस्टल बैलेट से छेड़छाड़ मामले में तहसीलदार के बाद SDM निलंबित, कांग्रेस बोली- कलेक्टर को कौन बचा रहा

दिग्विजय ने शिकायती पत्र में आगे सनसनीखेज दावा करते हुए लिखा है कि लहार विधानसभा क्षेत्र के 500 से ज्यादा शासकीय कर्मचारियों को पोस्टल बैलट इश्यू नहीं किए गए हैं। सिंह के मुताबिक 11 नवंबर को ही इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। इस तरह 500 से अधिक कर्मचारियों को उनके मताधिकार से वंचित रखा गया। यह चुनाव नियमों का उल्लंघन है।

सिंह ने आगे लिखा कि लहार विधानसभा में ही कांग्रेस प्रत्याशी और इलेक्शन एजेंट को यह जानकारी तक नहीं दी गई कि पोस्टल बैलट कहां रखे गए हैं। बाद में राज्य निर्वाचन आयुक्त के हस्तक्षेप से 19 नवंबर की रात जानकारी मिली कि पोस्टल बैलट लहार के ITI में रखे गए हैं। इसके अगले दिन यानी 20 नवंबर की सुबह इलेक्शन एजेंट नरेश सिंह चौहान, ARO नवनीत शर्मा के साथ निरीक्षण करने ITI पहुंचे तो यहां पोस्टल बैलट में छेड़छाड़ पाई गई। 

पूर्व सीएम सिंह के मुताबिक जिन बॉक्स में पोस्टल बेलेट्स को रखा गया था, उनमें से कुछ की सील टूटी हुई थी। साथ ही पोस्टल बैलेट्स का बंडल बनाकर उन्हें अलग-अलग बक्सों में रखा जा रहा था। इलेक्शन एजेंट नरेश सिंह ने जब इसे लेकर आपत्ति जताई तो कहा गया कि ये जिला चुनाव अधिकारी यानी भिंड कलेक्टर के निर्देश पर किया जा रहा है। सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मांग की है कि भिंड के कलेक्टर पर नियमों के गंभीर उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाए। उनका भिंड से ट्रांसफर किया जाए। बता दें कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह कांग्रेस की टिकट पर लहार से चुनाव मैदान में हैं। वहीं, BJP ने अम्बरीष शर्मा को मैदान में उतारा है।